रतिया। बुढ़लाडा रोड पर एक पेस्टिसाइड की दुकान पर वीरवार को अज्ञात व्यक्ति दुकानदार को बातों में उलझा कर दुकान के गल्ले में रखे डेढ़ लाख की नकदी चुराकर फरार हो गया। दुकानदार ने मामले की सूचना रतिया पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव लाली निवासी बलदेव राज ने बताया कि उसकी बुढ़लाडा रोड पर वंश एग्रीकल्चर स्टोर के नाम से पेस्टिसाइड की दुकान है। वीरवार दोपहर को हेलमेट पहने एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया और उसे पेस्टिसाइड के सामान के बारे में बातचीत करने लगा और कुछ सामान खरीदने की बात कही उक्त व्यक्ति द्वारा जो सामान मांगा गया था वह उसके गोदाम में था जिस कारण उसने नौकर को सामान लेने के लिए गोदाम में भेज दिया। दुकानदार ने बताया कि जो व्यक्ति उसकी दुकान पर आया था उसने कुछ सामान उससे खरीद भी लिया था और 500 का नोट दिया था सामान खरीदने के बाद उसने 500 में से सामान के पैसे काट कर गल्ले में से बाकी पैसे उसे वापस दे दिए दुकानदार ने बताया कि जैसे ही पैसे काटने के लिए गला खोला था तो उसने दुकान के गले में पड़े डेढ़ लाख रुपये देख लिए। दुकानदार ने बताया कि इस दौरान हेलमेट पहने उक्त व्यक्ति ने दुकान के पीछे पड़े हुए बाजरी को खरीदने की इच्छा जाहिर की जिसका दुकानदार दुकान के पीछे पड़े बाजरी को लेने के लिए चला गया इस दौरान अज्ञात युवक ने गले में पड़े डेढ़ लाख रुपए चुरा लिए और मौके से फरार हो गया। जब दुकानदार ने गले में पड़े हुए डेढ़ लाख की चोरी हुई देखी तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम जांच अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी मनोज कुमार का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।