फतेहाबाद। जिले के पांच शहरों में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 12वें दिन भी जारी रही। सफाई व्यवस्था ठप होने से करीब 1400 टन कचरा जमा हो चुका है। कचरे के ढेरों से बदबू फैलने लगी है। कीड़े पनपने का खतरा भी बढ़ गया है।
इस स्थिति को देखते हुए सोमवार शाम को नगर परिषद प्रशासन ने कचरे के ढेरों पर फिनाइल और डी-कंपोजर का छिड़काव करवाया। इससे बदबू और कीड़ों की समस्या कम करने का प्रयास किया गया।
दूसरी तरफ हड़ताल के चलते मंगलवार को कर्मचारी दो घंटे नगर परिषद कार्यालय में तालाबंदी कर विश्वासघात दिवस भी मनाएंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। हड़ताली कर्मचारी सरकार से हुए समझौते में मानी गई मांगों का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे हैं।
सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को नगर परिषद कार्यालय से प्रदर्शन शुरू किया। वे नगर परिषद प्रधान राजेंद्र खिंची के मॉडल टाउन स्थित कार्यालय पहुंचे। यहां उन्हें मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इकाई अध्यक्ष नरेश राणा ने प्रदर्शन की अध्यक्षता की। सचिव ओम प्रकाश लोट ने मंच संचालन किया।
कर्मचारी संघ ने 20 से 25 अगस्त तक प्रदेश के सभी 90 विधायकों के आवास और कार्यालयों पर प्रदर्शन की घोषणा की है। इस दौरान शहरों के मुख्य बाजारों में जनता के बीच जाकर आंदोलन के लिए समर्थन मांगा जाएगा।
वहीं सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने भी समर्थन दिया। सोमवार के धरने में संगठन के जिला प्रधान ओमप्रकाश हसंगा, गुरप्रीत सिंह, मलकीत उप्पल, सुरजीत उप्पल, जगजीत सिंह, कुलदीप सिंह, गुरविंदर सिंह, सत्यवान, बलवंत व आत्माराम धरने में शामिल हुए।
बाजारों में स्थिति हुई खराब
हड़ताल से शहरों के मुख्य बाजारों की स्थिति खराब है। दुकानों के सामने और सड़कों पर कचरा फैला है। फतेहाबाद में हंस मार्केट, थाना रोड, डीएसपी रोड, धर्मशाला रोड, संन्यास आश्रम रोड, हिसार-सिरसा रोड और पीएनबी बैंक के सामने कचरे के ढेर लगे हैं। पुराना एसडीएम निवास के सामने भी कचरा जमा है। व्यापारियों के अनुसार गंदगी के कारण ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं। लोग जरूरत पड़ने पर ही खरीदारी कर रहे हैं।