फतेहाबाद। पुलिस ने नशा तस्करों और अन्य अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अब तक विभिन्न अभियानों के तहत 105 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें नशा तस्करी, अवैध हथियार, चोरी, सट्टा-जुआ, वांछित अपराधी (पीओ) एवं बेल जंपर शामिल हैं।
इसके अलावा 17 सोशल मीडिया इंफ्लुएंसरों के अकाउंट बंद करवाए। इसके साथ ही उनके 35 फॉलोअर्स को नोटिस जारी कर उन्हें अनफॉलो करवाया गया है। वहीं नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने 10 मामले दर्ज कर 16 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनसे पुलिस ने 15.248 किलोग्राम चूरापोस्त, 1.121 किलोग्राम हेरोइन, 1.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
-
अवैध हथियार, शराब तस्करी, चोरी मामलों में की गई कार्रवाई
पुलिस ने 3 मामलों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 3 पिस्तौल और 1 कारतूस बरामद हुआ। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। शराब तस्करी के 8 मुकदमे दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 155.66 बोतल शराब, 180 किलोग्राम लाहन जब्त की गई है। इसके अलावा विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 27 वांछित अपराधियों (9 पीओ और 18 बेल जंपर) को गिरफ्तार किया। इनमें 7 पीओ ऐसे थे जो पिछले 5 वर्षों से फरार थे और जिन पर इनाम घोषित था।पुलिस ने 43 आरोपियों को गिरफ्तार कर 20,20,460 मूल्य की चोरी गई संपत्ति, वाहन और नकदी बरामद की। इनमें 7 मामले ऐसे हैं जिनका खुलासा मात्र 24 घंटे के भीतर किया गया। इसके अलावा 5 मामलों में 8 सट्टेबाजों/जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है।
-
जिले को नशा और अपराध मुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित गश्त, गुप्त सूचना आधारित कार्रवाई और तकनीकी निगरानी की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।