फतेहाबाद। शहर के सुंदर नगर में पंचायत भवन के साथ नगर परिषद की टीम सोमवार दोपहर को घरों के आगे बने अवैध रैंप तोड़ने के लिए पहुंची। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह और पुलिस फोर्स तैनात रही। टीम ने पंचायत भवन के पास तीन दुकानों, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनीत पूनिया के घर के आगे बने रैंप को तोड़ दिया।
इसके बाद जब टीम आगे बढ़ी तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और कहा कि नोटिस को लेकर वह जवाब दे चुके हैं और नियम अनुसार रैंप बने हैं। ऐसे में इन्हें न तोड़ा जाए। लेकिन नगर परिषद अधिकारी नहीं माने और कार्रवाई जारी रखी। इस पर लोग जेसीबी के आगे अड़ गए और कहा कि पहले जेसीबी उनके ऊपर चढ़ाओ फिर कार्रवाई करने देंगे।
मौके पर मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। लोगों ने कहा कि योग नगर के लोगों ने शिकायत कर रखी है और यहां बेवजह तंग किया जा रहा है। एडवोकेट अजय गिल्होत्रा ने कहा कि इस बारे में वे डीएमसी संजय बिश्नोई से मिल चुके हैं। वहां से उन्हें आश्वासन मिला था कि उनको बेवजह तंग नहीं किया जाएगा लेकिन अब अचानक से कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोगों ने कहा कि उन्हें फिर से डीएमसी से मिलने का मौका दिया जाए। इस पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने 10 मिनट का समय देकर कार्रवाई रुकवा दी। इस दौरान पार्षद मोहन लाल नारंग, मनोज भ्याणा भी पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोग जिला नगर आयुक्त संजय बिश्नोई से मिले और कहा कि उनके रैंप गलत नहीं बने हैं। अगर ऐसी बात है तो पूरे शहर में रैंप तोड़े जाएं।
डीएमसी ने कहा कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वे खुद दो से तीन दिन में रैंप तोड़ लेंगे। सहमति बनने के बाद टीम लौट गई।
-
एमई अरे पुलिस कार्रवाई करो बोले, तो बढ़ा तनाव
रैंप तोड़ने की कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के बिल्डिंग इंस्पेक्टर विकास बजाज, एमई नरेंद्र पंवार, सीएसआई सतपाल सैनी, एसआई महेश मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान जब एडवोकेट के कार्यालय के बाहर जेसीबी चलनी शुरू हुई तो लोगों ने हंगामा कर दिया और आगे खड़े हो गए। इस पर एमई नरेंद्र पंवार लोगों से उलझ गए और पुलिस मदद के लिए कहा। पंवार बोले कि अरे पुलिस कार्रवाई करे। इससे वहां पर तनाव बढ़ गया। लोगों ने कहा कि नगर परिषद कार्यालय के आगे इतना बड़ा रैंप है पहले इसे तोड़ा जाए। पूरे शहर में घरों के आगे रैंप बने है, उन्हें क्यों नहीं तोड़ा जा रहा है।
-
56 लोगों को दिए गए हैं नोटिस
नगर परिषद अधिकारियों की माने तो जून माह में समाधान शिविर में योग नगर के दो लोगों ने शिकायत दी थी कि सुंदर नगर में घरों के आगे अवैध रूप से रैंप बने हैं, लिहाजा इन्हें तोड़ा जाए। इस पर नगर परिषद प्रशासन ने 56 लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगा था। इसमें स्कूल भी शामिल हैं, लेकिन किसी ने भी जवाब नहीं दिया।
-
स्थानीय लोगों ने कहा है कि वह खुद ही रैंप तोड़ लेंगे। इसको लेकर सहमति हो बन गई। कुछ लोगों ने लिखित में भी दे दिया है। अगर उसके बाद भी रैंप नहीं तोड़ेंगे तो कार्रवाई कर दी जाएगी।
- गजेंद्र सिंह, ड्यूटी मजिस्ट्रेट