रतिया। गांव ब्राह्मणवाला से लेकर राजस्थान बॉर्डर पर गांव रामसरा तक स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के काम की गति बेहद धीमी है। सड़क निर्माण के कार्य ने कई दिनों से लोगों की समस्या बढ़ाई हुई है। दिनभर उड़ती धूल और जाम से नागरिक परेशान हो चुके हैं।
दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी सारा दिन उड़ती धूल से जूझना पड़ता है। दुकानदारों ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ठेकेदार को निर्देश देकर काम में तेजी करवाएं, ताकि समस्या का समाधान हो सके। बता दें कि प्रदेश सरकार ने स्टेट हाईवे की सड़क को चौड़ा करने के लिए करीब 150 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पास किया था।
दो महीने से भी अधिक समय से निर्माण कार्य चल रहा है। फतेहाबाद रोड पर सुखचैन माइनर से लेकर गावड़ सिटी तक एक तरफ सड़क का निर्माण किया गया था, उसको बने हुए दो महीने से ज्यादा हो चुके हैं। परंतु इस सड़क को अभी तक शुरू नहीं किया है। न ही दूसरी तरफ उखाड़ी गई सड़क बनानी शुरू की है।
जिस सड़क का निर्माण किया गया था, उस पर अभी भी कई कई फुट मिट्टी जमी हुई है, जिससे वाहनों के आते और जाते समय भारी धूल उड़ती है। यह धूल दुकानों में जाती है, जिससे दुकानदार बेहद परेशान हो गए हैं। दूसरी तरफ जहां सड़क को उखाड़ा गया था, वहां पर पत्थर और गड्ढे होने के कारण हर समय दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है। निर्माण कार्य की कछुआ चाल से हर नागरिक अधिकारियों व ठेकेदार को कोसता नजर आता है।
फतेहाबाद रोड पर सड़क निर्माण कार्य की गति धीमी होने के चलते आमजन की परेशानी बढ़ी हुई है। रतिया कोर्ट व मिनी सचिवालय में आने वाले अधिवक्ताओं व आमजन के लिए यह समस्या और गंभीर हो जाती है। प्रशासन को जल्द ही इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
-देवेंद्र ग्रोवर, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन, रतिया
फतेहाबाद रोड पर एक बार में ही दोनों तरफ सड़क उखाड़ दी गई। इस कारण परेशानी बढ़ गई। पहले एक तरफ की सड़क बनानी चाहिए थी ताकि दूसरी तरफ से आवागमन सुचारू रहता। उसके बाद दूसरी तरफ का निर्माण कार्य होना चाहिए था।
-सचिन खुराना, शहरवासी
लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण में काफी लापरवाही दिखाई है। फतेहाबाद रोड पर जाना खतरनाक साबित हो रहा है। फतेहाबाद रोड पर मिनी सचिवालय होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी आमजन को हो रही समस्या का हल नहीं करवा रहे हैं।
-मनोज चोपड़ा, शहरवासी
सड़क निर्माण कार्य को लेकर निरीक्षण किया जाएगा। अगर निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही पाई गई तो उचित कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य में तेजी लाने के भी ठेकेदार को निर्देश दिए जाएंगे।
-संदीप सचदेवा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग
सड़क निर्माण के चलते आमजन को समस्या हुई थी, जिसको देखते हुए प्रशासन ने काफी हद तक हल करवाया है। धूल न उड़े, इसके लिए पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। फिर भी आमजन को कोई समस्या आ रही है, तो उसे दूर करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-जगदीश चंद्र, एसडीएम, रतिया