फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लग रहे और राहुल गांधी रोक नहीं पा रहे : अमित शाह

Mon, 23 Sep 2024 11:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
जन आशीर्वाद रैली में जमा भीड़।
विज्ञापन
फतेहाबाद। भाजपा कैसे शासन करती है, इसका सबसे अच्छा उदाहरण हरियाणा है। यहां पहले दो दल की सरकारें आती-जाती थी। एक दल आता था तो भ्रष्टाचार बढ़ता था और दूसरा आता तो गुंडागर्दी बढ़ती। दोनों में परिवारवाद व जातिवाद चरम सीमा पर था।
विज्ञापन

टोहाना पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने पहली बार पूरे हरियाणा की सरकार बनाई है। हमने विकसित हरियाणा का संकल्प लिया। हरियाणा में 3700 करोड़ से सड़कों का जाल बिछाया। 47 हजार करोड़ रुपये की 51 परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी की है। 35 हजार करोड़ रुपये की 30 परियोजनाएं प्रगति पर हैं और 20 हजार करोड़ का डीपीआर बन चुका है। भाजपा सरकार से पहले बिना खर्ची-बिना पर्ची नौकरी नहीं मिलती थी। भाजपा ने हजारों युवाओं को बिना खर्ची-बिना पर्ची के नौकरियां दी है। घर पर आने वाले पोस्टमैन को सिर्फ शगुन के 100 रुपये देने पड़ते हैं।
अमित शाह सोमवार को टोहाना में मदनलाल ढींगड़ा पार्क के सामने मैदान में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 1857 की क्रांति में भाग लेने वाले राव तुलाराम की पुण्यतिथि पर याद करके नमन भी किया। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस दलित विरोधी पार्टी है। राहुल बाबा व हुड्डा को बताना चाहता हूं कि साल 2005 में गोहाना कांड, साल 2010 में मिर्चपुर कांड हुआ, यह कांग्रेस की जिम्मेदारी रहे। हमेशा कांग्रेस शासन में नॉट फाउंड स्यूटेबल करके नौकरियों के आरक्षण से दलित वर्ग को वंचित करने का काम किया गया।
विज्ञापन

कांग्रेस ने दलित समाज के नेताओं का अपमान किया, चाहे डॉ. अशोक तंवर हो या कुमारी सैलजा। कांग्रेस की सरकार नहीं गई, तब तक डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न नहीं मिला। भाजपा सरकार ने पांच तीर्थ आंबेडकर के लिए बनाए और संविधान दिन मनाने की घोषणा की। राहुल गांधी अमेरिका में बोले हैं कि विकास होने के बाद आरक्षण हटाने लेंगे। हमारा हरियाणा तो पूरा विकसित है। एससी और ओबीसी के आरक्षण की रक्षा केवल नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। हरियाणा वीरों की भूमि रहा है।
छोटे से हरियाणा से हर दसवां जवान प्रदेश की माएं भेजती है। देशभर के लोग हरियाणा की मातृशक्ति को प्रणाम करते हैं, जो देश की रक्षा के लिए अपने नौनिहालों को भेजती हैं। 40 साल से जवान वन रैंक-वन पेंशन मांगते थे, लेकिन कांग्रेस के जूं तक नहीं रेंगी। साल 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, और 2015 में वन रैंक-वन पेंशन लागू कर दी गई। इसका तीसरा संस्करण लागू हो चुका है। तीन बार वन रैंक-वन पेंशन में बढ़ोतरी करने का काम मोदी सरकार ने किया है। हथीन से लेकर थानेसर व पलवल में कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं। यह सब देखकर चिंतित हूं कि राहुल गांधी इनको रोकते भी नहीं है।
जिनकी सभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं, उनके साथ हरियाणा रह सकता है क्या? राहुल गांधी किसको खुश करना चाहते हैं। हरियाणा के लालों का खून तो देश की रक्षा के लिए बहता है। राहुल गांधी कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के साथ जाकर कहते हैं कि धारा 370 लाएंगे। सारे आतंकवादियों को छोड़ देंगे। राहुल बाबा आप तो क्या, आपकी तीसरी पीढ़ी भी आ जाए तो भी धारा 370 वापस नहीं आएगी। यह इतिहास बन चुका है। आपके नाना के समय में धारा 370 ने कश्मीर पर सवालिया निशान लगाया था, नरेंद्र मोदी ने वह निशान हटाने का काम किया है।
रैली में प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, सह चुनाव प्रभारी बिप्लब कुमार देव, पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली व पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-
कोड़ियों के भाव दे दी जमीन
कांग्रेस की सरकार ने दिल्ली में बैठे दामाद को खुश करने के लिए हरियाणा के किसानों की जमीनें कोड़ियाें के भाव दे दी। हुड्डा सरकार में दामाद, डीलर व भ्रष्टाचारियों का दबदबा था। भाजपा ने डीलर-दामाद वाली सरकार को समाप्त करने का काम किया है। हुड्डा ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में वादा किया है कि दो लाख नौकरियां देंगे। हम भी देंगे। मगर कांग्रेस नेताओं को पूछना चाहता हूं कि दो लाख नौकरियां योग्य युवाओं को दोगे या जिसके पास आपकी पर्ची है उसको दोगे। कांग्रेस को जिताने का मतलब है नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार करवाना। कांग्रेस के नेता ही कहते हैं कि बिना घपले हमारी सरकार नहीं चल सकती है। दिल्ली में बैठे कई लोग अब भी हरियाणा चुनाव पर नजरें गड़ाए बैठे हैं।
-
सिख समुदाय पर प्रभाव डालने की कोशिश
हरियाणा पंजाब से सटा हुआ है। पूरा देश सिख गुरुओं पर नाज करता है। दशम पिता का सम्मान हर घर में होता है। हर स्कूल व घर में दशम पिता व गुरु नानक महाराज की तस्वीर लगी है। राहुल बाबा कहते हैं कि भारत में सिखों को पगड़ी, कड़ा पहनने की अनुमति नहीं है। राहुल बाबा कौन से भारत में जीते हैं। यहां सिख ही नहीं हम भी गुरुद्वारा में जाते हैं, तो बड़े शान से पगड़ी डालकर गुरु ग्रंथ साहिब को मत्था टेकते हैं। दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, हजारों सिखों का कत्लेआम हुआ। राहुल बाबा के पिता ने कहा था कि बड़ा पेड़ गिरता है, तो जमीन हिलती है। राहुल बाबा को तो पगड़ी डालकर गुरुद्वारे में जाकर सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए। हरमंदिर साहिब हो या डॉ. मनमोहन सिंह सबका अपमान कांग्रेस ने ही किया है।

किसी अंग्रेज ने लिखकर दे दिया है, एमएसपी का फुल फॉर्म भी नहीं पता
अमित शाह ने कहा कि भाजपा ने धुआं मुक्त हरियाणा बनाया है। पढ़ी-लिखी पंचायत देने का काम किया है। हरियाणा बासमती चावल का देश का सबसे बड़ा निर्यातक बना है। कांग्रेसियों व राहुल बाबा को एमएसपी का फुल फॉर्म भी नहीं पता है। किसी अंग्रेज ने लिखकर दे दिया है, और चिल्लाने लगते हैं। हरियाणा में भाजपा सरकार 24 फसलें एमएसपी पर खरीद रही है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। भावांतर योजना किसानों का कल्याण करती है। गांवों में लाल डोरे को समाप्त करके मालिकाना हक देने वाला हरियाणा पहला प्रदेश है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें