नंगल के मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में अध्यापक की कमी के कारण कक्षा में घूम रहे विद्यार्थी। स
रतिया। गांव नंगल के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में अध्यापकों की कमी बनी हुई हैं। शिक्षा अधिकारियों से बार-बार मांग के बाद भी अध्यापकों की कमी को पूरा नहीं किए जाने के चलते अभिभावकों में रोष है। स्कूल एसएमसी कमेटी,शहीद भगत सिंह वेलफेयर क्लब, पंचायत व अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से जल्द से जल्द और अध्यापकों को स्कूल में नियुक्त करने की मांग की है।
एसएमसी कमेटी के प्रधान बूटा सिंह, कुलदीप घारु, एसएमसी सदस्य गुरप्रीत सिंह, बिट्टू अटवाल आदि ने बताया कि गांव के राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल में करीब 250 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, लेकिन स्कूल में केवल 5 शिक्षक ही तैनात हैं। जबकि बच्चों की संख्या के आधार पर स्कूल में 9 अध्यापक होने चाहिए।
उन्होंने बताया कि अध्यापकों की मांग को लेकर पिछले साल जुलाई माह में भी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया था। जिसके बाद स्कूल में दो और अध्यापक भेजे गए थे लेकिन कुछ समय बाद उक्त दोनों के तबादले हो जाने के बाद स्कूल में फिर 5 ही अध्यापक रह गए। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द अध्यापकों की कमी दूर करने की मांग की है। वहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई ने कहा कि गांव में अध्यापकों की कमी का मामला संज्ञान में आया है व जल्द ही अध्यापकों को नियुक्त किया जाएगा।