गांव ब्राह्मणवाला के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में अध्यापकों की कमी के कारण खाली बैठे विद्यार्थी।
रतिया। गांव ब्राह्मणवाला के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में अध्यापकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल में मौजूदा समय में 160 बच्चों को तीन अध्यापक ही पढ़ा रहे हैं। अध्यापकों की कमी दूर करने के लिए गांव की पंचायत ने खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर स्कूल में अध्यापकों की कमी पूरी करने की मांग की है।
सरपंच कर्मजीत कौर व सरपंच प्रतिनिधि हरजीवन सिंह ने शिक्षा अधिकारी को लिखे गए पत्र में बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला में अध्यापकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वार्षिक परीक्षा भी नजदीक है, बच्चे बिना अध्यापकों के खाली कक्षाओं में बैठने को मजबूर हैं। ऐसे में जल्द से जल्द अध्यापक उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सरपंच और ग्राम पंचायत की ओर से 3 महीने पहले भी खंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र दिया गया था। पंचायत की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र भेजा है। खंड शिक्षा अधिकारी शशि प्रकाश ने कहा कि स्कूल में अध्यापकों की कमी है जिसको लेकर प्रपोजल भी उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। जल्द ही अध्यापकों की कमी को पूरा करवा दिया जाएगा