भूना (फतेहाबाद)। पति-पत्नी के बीच सुलह करवाने आए पंचायती लोगों के बीच पुलिस स्टेशन में सोमवार को झड़प हो गई और यह झड़प मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान सालों ने जीजा के निजी अंग पर चोट मार दी। पीड़ित को गंभीर चोट आने के कारण उसे सीएचसी भूना में दाखिल करवाया गया। वहीं, पीड़ित की सास व पत्नी ने उसके साथ आए पंचायती लोगों पर मारपीट करने व कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए हैं। वहीं पीड़ित को भूना से अग्रोहा रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले भूना की एक युवती के साथ हुई थी। पिछले चार महीनों से उनके बीच विवाद चल रहा है। उक्त विवाद के चलते पत्नी ने दो दिन पहले उनके खिलाफ भूना पुलिस में शिकायत दी थी। जिस पर उन्हें पुलिस ने थाने में बुलाया था। घायल का आरोप है कि जब महिला पुलिस दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुला रही थी तो पत्नी के भाइयों तथा अन्य कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में पत्नी के भाइयों ने उसके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें मारीं। घायल पति को प्राथमिक उपचार के बाद ऑपरेशन के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उधर, भूना निवासी महिला ने बताया कि उसका दामाद शादी के कुछ दिन बाद से ही उसकी बेटी को प्रताड़ित करता रहा। वह उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। बेटी का रंग सांवला होने के कारण उस पर अशोभनीय कटाक्ष करता रहता था। इसलिए पिछले पांच महीने से बेटी मायके में है। महिला का आरोप है कि वहां पर दामाद और उसके पक्ष में आए पंचायती लोगों ने उनके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़कर सार्वजनिक रूप से बेइज्जत किया।
सोमवार को पति-पत्नी के बीच विवाद निपटाने के लिए दोनों पक्ष आए हुए थे। मगर इस दौरान उनमें झगड़ा हो गया। महिला के पति के प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें लगी हैं। उसके बयान लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- सृष्टि गुप्ता, एएसपी