फतेहाबाद। साइबर क्राइम थाना की टीम ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर युवक से एक लाख रुपये हड़पने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान विशाल उर्फ भूरा निवासी मुजफ्फरपुर खुंटी, मेरठ के रूप में हुई है। इस मामले में एक आरोपी रोहित निवासी गणेशपुरी, मेरठ, उत्तर प्रदेश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 नवंबर 2024 को रतिया निवासी जसप्रीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 10 नवंबर को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से वर्क फ्रॉम होम का लिंक भेजा गया था। लिंक खोलते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां उसे होटल रेटिंग और व्हाट्सएप फॉलो करने जैसे टास्क दिए गए।
शुरुआत में उसे कुछ पैसे भेजे गए जिससे विश्वास दिलाया गया और फिर धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करवा ली गई। आरोपियों ने विभिन्न यूपीआई आईडी और बैंक खातों के माध्यम से कुल एक लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले आरोपी व दूसरे आरोपी को भी काबू कर लिया है।