फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहाबाद जिले के एक लाख किसानों को 200 करोड़ रुपये की सम्मान निधि दी : अमित शाह

Mon, 23 Sep 2024 10:56 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
टोहाना में रैली के दौरान अमित शाह को गद्दा भेंट करते पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली।
विज्ञापन
फतेहाबाद/टोहाना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि फतेहाबाद जिले में पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत 75 करोड़ रुपये खर्च कर 187 किलोमीटर सड़क भाजपा सरकार ने किया है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत एक लाख लाभार्थी किसानों को 200 करोड़ रुपये केंद्र सरकार ने दिया है। हालांकि रैली में फतेहाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी दुड़ाराम नहीं पहुंचे।
विज्ञापन

शाह ने कहा कि 1900 हेक्टेयर भूमि सिंचाई की बढ़ाई है। 700 मेगावॉट के दो स्वदेशी रिएक्टर बनाए। 4600 रेहड़ीवालों को पांच करोड़ पचास लाख रुपये का लोन दिया है। 62 हजार घरों में पानी पहुंचाया। 580 स्कूलों में शौचालय व पानी पहुंचाने का काम किया। कांग्रेस अध्यक्ष को कहना चाहता हूं कि फतेहाबाद में आजादी से लेकर अब तक कितना काम किया है, इसका हिसाब लेकर आ जाएं, हमारा पलड़ा भारी ही पड़ेगा।
अमित शाह सोमवार को टोहाना में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां का अमरूद विश्व के बाजार में पहुंचाने का काम भाजपा सरकार करेगी। ओबीसी, एससी व ईडब्ल्यूएस विद्यार्थियों के लिए मुफ्त आवासीय कोचिंग उपलब्ध करवाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तय किया है कि चुनाव के बाद हर माता-बहन के खातों में 2100 रुपये का चेक भेज दिया जाएगा। 500 रुपये में गैस का सिलिंडर मिलेगा।
विज्ञापन

शाह ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर आधुनिक शहर फतेहाबाद में भी बनाएंगे। हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। 24 फसलों को संपूर्ण रूप से एमएसपी पर खरीदा जाएगा। दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे। जिले में ओलंपिक की नर्सरी बनाएंगे। कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटी देने का काम करेंगे।

मैं बात का पक्का हूं, हर अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी देंगे
अमित शाह ने कहा कि मैं बात का पक्का हूं। मैं आपके बीच में कहकर जाता हूं कि एक भी अग्निवीर बाकी नहीं रहेगा। हर अग्निवीर को पेंशन वाली नौकरी देने का काम केंद्र व हरियाणा सरकार करेगी। मेडिकल व इंजीनियरिंग पढ़ने वाले एससी विद्यार्थियों को 25 लाख रुपये तक के लोन की गारंटी देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कई दल्ले राह देख रहे हैं कि कब हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आए और भ्रष्टाचार फैलाएं। डबल इंजन की सरकार हरियाणा में फिर से बनाइए।
-
देवेंद्र बबली को बताया शेर
अमित शाह ने अपने भाषण में देवेंद्र बबली को टोहाना का शेर जैसा प्रत्याशी बताया। साथ ही सुनीता दुग्गल को पूरे भारत की दलित बहनों के लिए खूब काम करने वाली बताया। अमित शाह ने भाषण के अंत में कहा कि मैं बनिए का बेटा हूं, मुझे गणित आता है। भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए रैली के बाद हर व्यक्ति दस लोगों को फोन करके समर्थन मांगे।
-
भाजपा के पास है नया माल नायब सैनी : बिप्लब
रैली में भाजपा के सह चुनाव प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव ने कहा कि भाजपा के पास नायब सैनी के रूप में नया माल है। मगर कांग्रेस के पास वही पुराना पैकेट भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। प्रदेश में एक बार फिर सिर्फ रोहतक की ही सरकार नहीं बनानी है बल्कि पूरे प्रदेश की सरकार बनानी है। बाप-बेटे की सरकार नहीं बनानी है। ऐसी सरकार बनानी है, जिसमें सभी वर्गाें की भागीदारी हो।

भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि पूरा टोहाना हलका भाजपा के साथ है। इस बार डेढ़ लाख वोट लेने हैं। 26 महीने के मंत्री कार्यकाल में 2600 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए हैं। पिछली बार 234 बूथों में से 231 बूथ जीते थे, इस बार 233 बूथ बने हैं, इन सभी बूथों पर जीत दिलानी है। कांग्रेसी 10 साल का हिसाब मांग रहे हैं, इन्होंने हमेशा परिवारवाद की राजनीति की है। इनको जनता जवाब देगी।

प्रदेशाध्यक्ष को नहीं मिला बोलने का मौका
रैली में सह प्रभारी बिप्लब देव, भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली, रतिया सीट से प्रत्याशी सुनीता दुग्गल, राजस्थान के पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, विधानसभा सीट संयोजक प्रवीण जोड़ा तक को बोलने का मौका मिला। मगर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का भाषण नहीं हो पाया। मोहनलाल अमित शाह के आगमन से करीब पौने घंटे पहले मंच पर पहुंच गए। इसके बावजूद उन्हें भाषण के लिए नहीं बुलाया गया।
-
रैली में किसी भी बड़े नेता ने सुभाष बराला का नहीं लिया नाम

रैली के दौरान क्षेत्र के कद्दावर नेता और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला का मंच से किसी भी बड़े नेता ने नाम नहीं लिया। बड़े नेताओं में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अलावा प्रदेश सह प्रभारी बिप्लब देव, भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली, सुनीता दुग्गल, राजस्थान के पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भी संबोधन किया। मगर किसी के मुंह से सुभाष बराला का नाम नहीं निकला। हालांकि, दो दिन पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के कारण सुभाष बराला अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इस कारण वह रैली में भी नहीं आ सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें