फतेहाबाद मांगों को लेकर लघु सचिवालय पर धरना देते ग्रामीण सफाई कर्मचारी। स्रोत:संगठन
फतेहाबाद। जिले के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने रविवार को लघु सचिवालय पर धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कर्मचारी बाद में एसडीएम निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। धरने की अध्यक्षता ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान सुनील कुमार ने की और संचालन जिला सचिव हरपाल सिंह ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान बेगराज ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने एक भी सफाई कर्मचारी की पक्की भर्ती नहीं की और ना ही किसी कच्चे कर्मचारी को स्थायी किया, जो सफाई कर्मचारियों के प्रति सरकार की उदासीनता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
जिला सचिव हरपाल सिंह ने बताया कि सरकार के आने के बाद ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हालात और भी खराब हो गए हैं। समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा और कूड़ा उठाने के लिए रिक्शा जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही। गांवों में सफाई कर्मचारियों की कमी के कारण सफाई पूरी तरह से नहीं हो पा रही है, जबकि कर्मचारियों को यह आरोप लगाया जाता है कि वे काम नहीं करते।
यूनियन ने सरकार से आग्रह किया कि समस्याओं और मांगों का समय पर समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना प्रदर्शन में जिला कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, उपाध्यक्ष हरपाल सिंह, दर्शन सिंह, अमित कुमार, जगदीश चंद्र और जसप्रीत समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।