रतिया। फतेहाबाद रोड पर हैफेड समिति के कर्मचारियों की ओर से किसानों को डीएपी के साथ तेल चीनी और चाय पत्ती जबरदस्ती दिए जाने के विरोध में बुधवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश संयोजक मनदीप सिंह के नेतृत्व में समिति के गेट के सामने धरना प्रदर्शन किया।
इसकी सूचना समिति के उच्च अधिकारियों को दी। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर दिया गया सामान वापस नहीं लिया तो वह समिति पर तालाबंदी कर देंगे। सूचना मिलने पर उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को दिया गया अतिरिक्त सामान वापस दिलवाया गया।
किसान नेता मनदीप सिंह, सुखदीप सिंह, रंधावा, गग्गी बादलगढ़ ,पाल सिंह, छिन्दा सिंह ,गुरविंदर सिंह ,अमन सिंह, गुरलाल सिंह, निशान सिंह ,गुरविंदर सिंह व अन्य किसानों ने बताया कि बुधवार को जब किसान हैफेड समिति पर डीएपी खाद लेने पहुंचे तो कर्मचारियों ने जबरदस्ती चार बैग के साथ 5 किलो चीनी , एक किलो चाय पत्ती और एक लीटर सरसों के तेल की बोतल साथ में देनी शुरू कर दी।
मनदीप सिंह ने कर्मचारियों से बात की तो कर्मचारियों का कहना था कि यह समान ऊपर से आया है और उन्हें उच्च अधिकारियों ने उक्त समान भी साथ में ही देने की निर्देश दिए। जिससे किसानों ने हंगामा करना शुरू कर दिया किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा जबरदस्ती किसानों के ऊपर यह सामान थोपा जा रहा है। इसके बाद विभाग के अकाउंटेंट पुनीत ने मौके पर पहुंचकर किसानों को दिए गए सामान को वापस करवाया।