गांव किरढान स्थित डेरे के बाहर इक्ट्ठे हुए ग्रामीण
भट्टूकलां (फतेहाबाद)। भट्टूकलां क्षेत्र के एक गांव के धर्मस्थल में महंत को किसी महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देखने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने डेरे के बाहर हंगामा आरंभ कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पाकर भट्टूकलां और फतेहाबाद शहर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया।
इस मामले को गंभीरता से देखते हुए जिला मुख्यालय से पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम धार्मिक स्थल से संबंधित महंत को बाहर निकालकर अपने साथ ले गई। इस संबंध में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस मामले के बारे में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। अभी मामले की छानबीन की जा रही है।