रतिया में मामले की जांच करने पहुंचीं कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। रतिया क्षेत्र में सोमवार देर रात लुटेरों ने जमकर आतंक मचाया। लुटेरों ने लूट की तीन अलग-अलग वारदात को अंजाम देते हुए हजारों रुपये की नकदी, शराब की पेटियां व मोटरसाइकिल, मोबाइल छीन लिए। चौथी घटना एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर फायरिंग कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की रही। लूटपाट की घटनाओं को लेकर कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस सारी रात नाकेबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की जांच करती रहीं, लेकिन पुलिस के हाथ कोई लुटेरा नहीं लग पाया। पुलिस ने चारों घटनाओं को लेकर अलग-अलग केस दर्ज कर छह टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है।
बता देें कि रतिया शहर के टोहाना रोड पर इलेक्ट्रॉािनक्स की दुकान पर पिस्तौल लेकर आए युवकों ने दुकानदार से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगकर दहशत भी फैलाई। हमलावर जाते-जाते फायरिंग करके दुकान के शीशे भी तोड़ गए। सूचना मिलने पर रतिया शहर व सदर थाना प्रभारी तथा डीएसपी शुक्रपाल सिंह भी मौके पर आए। देर रात को कार्यवाहक एसपी पूजा वशिष्ठ भी रतिया पहुंचीं। उन्होंने सभी घटनास्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने जिले में नाकेबंदी कर दी। मगर न लुटेरों का सुराग लगा और न ही फायरिंग के आरोपी काबू हुए। हालांकि, इस मामले में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार पुराना बाजार निवासी चंद्रसेन की शिकायत पर सहनाल निवासी सुच्चा सिंह व अन्य के खिलाफ आर्म्स एक्ट, जबरन फिरौती मांगने, हत्या प्रयास व जान से मारने की धमकी के आरोप में केस दर्ज किया है।
पहली घटना
पहले मामले में लुटेरों ने सहनाल रोड पर राइस मिल में काम करने वाले एक मजदूर से लूटपाट की। बिहार के पूर्णिया जिला निवासी मजदूर सुमन कुमार ने बताया कि वह अरिहंत राइस मिल में काम करता है और किराने का समान लेकर लौट रहा था कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लड़कों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल व ढाई हजार रुपये की नकदी छीन ली और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए।
दूसरी घटना
दूसरी घटना में गांव महमदकी निवासी अनिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में शराब के ठेके पर कार्यरत है और देर रात ठेके पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक कार पर सवार होकर तीन लड़के ठेके में घुस आए और पिस्तौल की नोक पर उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। तीनों लड़कों ने शराब के ठेके से 19 पेटी अंग्रेजी व देसी शराब, 19 बोतल बियर व एक एलईडी चुरा ली और जाते-जाते गल्ले में पड़े 12 हजार रुपये व उसका मोबाइल भी ले गए।
तीसरी घटना
तीसरी घटना में गांव बलियाला निवासी देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह देर शाम अपने मोटरसाइकिल पर रतिया की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह शेलर के पास पहुंचा तो दो लोगों ने उसका मोटरसाइकिल रुकवा लिया और उससे हाथापाई करते हुए मोबाइल व 4500 नकदी छीन लिए। साथ ही उसका मोटरसाइकिल भी लेकर फरार हो गए।
कोट
रतिया में हुए इन मामलों के जांच के लिए छह टीमों का गठन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-शुक्रपाल सिंह, डीएसपी