फतेहाबाद। वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज में आधे किराए की दी जाने वाली सुविधा सीएससी संचालकों की गलती के कारण उन्हें ये सुविधा नहीं मिल पा रही है। जिस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं रोडवेजकर्मी भी काफी परेशान है, बार-बार वरिष्ठ नागरिक बस स्टैंड के चक्कर लगा रहे हैं।
सरकार की ओर से पहले वरिष्ठ नागरिकों के लिए उनके सीनियर सिटीजन कार्ड (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड एनसीएमसी) बने हुए हैं। जिनको देखने के बाद परिचालक यात्री से आधा किराया ही लेता है। अब सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को भी हैप्पी कार्ड की तरह ही ऑनलाइन कार्ड देना शुरू किया है। जिनके पास पहले से मैन्युअल कार्ड बने हुए हैं, उसे दोबारा बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
आधा किराये को लेकर बनने वाले कार्ड को लेकर सरकार की ओर से एनसीएमसी यानी नेशनल काॅमन मोबिलिटी कार्ड योजना शुरू की है। एनसीएमसी कार्ड जो ईएमवी चिप तकनीक पर आधारित है, जिससे कैशलेस भुगतान सुरक्षित और आसान हो जाता है। अब जो भी 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के स्थायी निवासी हैं उनको काॅमन सर्विस सेंटर यानी सीएससी में एनसीएमसी कार्ड के लिए आवेदन करना होगा। लेकिन परेशानी यह है कि सर्विस सेंटर संचालक आवेदन सही से नहीं कर पा रहे हैं। इससे बुजुर्गों को बस स्टैंड में चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
14 अगस्त के बाद आवेदन करने वाले लाभार्थियों के नहीं आए हैप्पी कार्ड
जिले के उन लाभार्थियों को भी परेशानी हाे रही है, जिन लाभार्थियों ने 14 अगस्त के बाद हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया था, उन लोगों के भी हैप्पी कार्ड अब तक नहीं आए हैं। करीब 10 माह बीत जाने के बाद भी लोगों को कार्ड प्राप्त नहीं हुए हैं।
-
वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए मैन्युअल सीनियर सिटीजन कार्ड की जगह अब एनसीएमसी कार्ड बन रहे हैं। ऐसे में वे सीएससी संचालक व खुद पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिनका पहले सीनियर सिटीजन कार्ड नहीं बना हुआ है वे एनसीएमसी कार्ड के लिए आवेदन करके सीनियर सिटीजन कार्ड बनवा सकते हैं। कुछ सीएससी संचालकों को आवेदन करने के बारे में जानकारी नहीं है, इसलिए ये गलती हो रही हो, इसको लेकर सीएससी संचालकों के लिए गाइडलाइन भी जारी करवाई जाएगी।
-सुभाष ढांड, संस्थान प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।