भट्टू कलां। गांव भट्टू कलां में रामसरा, ढ़ाबी कलां रोड पर पेयजल पाइप लाइन टूटने से सड़क ने तालाब का रूप ले लिया है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए टूटी पाइप लाइन को ठीक करवा कर सड़क में बने गड्ढों को भरकर सड़क दुरुस्त करवाने की मांग उठाई।
ग्रामीण कैप्टन राकेश ढाका, सामाजिक कार्यकर्ता वीरेंद्र शास्त्री, शमशेर फौजी, सुमेर फौजी, दिनेश फौजी, सोनू सांईं, महावीर सांईं, सुरेश कुमार, बंसीलाल, चांदीराम ने बताया कि भट्टूकलां गांव में नए बने जलघर के लिए जो पाइप लाइन फतेहाबाद ब्रांच से निकलती है, उसके रिसाव के कारण यहां जल भराव हो गया है। इस कारण सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में गिरकर बाइक सवार आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, वहीं राहगीरों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने इसकी सूचना जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों को काफी समय पहले ही दी थी, जिसकी अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार करोड़ों रुपये लगा कर सड़क का निर्माण करती है। मगर जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की वजह से सरकार को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर रोषस्वरूप शुक्रवार को एकत्रित हुए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया तो उन्हें आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
पाइप लाइन को खाली करवाया जा रहा है। ज्यों ही पाइप लाइन खाली हो जाएगी, शनिवार तक मिस्त्री लगवा कर इसे ठीक करवा दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी।
सतपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग