रतिया शहर पुलिस ने सोमवार देर रात्रि नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भरे 58 पशुओं को मुक्त करवाया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान अवतार सिंह निवासी नंगल व यूपी के सहारनपुर जिले के गांव नन्हेड़ा निवासी महबूब के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना शहर रतिया में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रतिया पुलिस की टीम एचसी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गश्त के दौरान टोहाना रोड बाईपास पर घग्घर पुल के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने बुढलाडा की ओर से तेजगति से आ रहे एक कैंटर को रुकने का इशारा किया तो चालक ने पुलिस टीम के पास पहुंचकर एकदम ब्रेक लगा दिए। इस पर पुलिस ने ट्रक सवार दोनों युवकों से पूछताछ की और ट्रक की तलाशी ली तो पाया कि ट्रक में 7 भैंसों व 51 कटड़ों को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ था। इस पर पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर इनसे पूछताछ शुरू कर दी। रतिया शहर थाना प्रभारी रुपेश चौधरी ने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।