जाखल। जाखल रेलवे स्टेशन पर इन दिनों गंदगी का आलम बना हुआ है। यहां पर रेलवे स्टेशन की बाउंड्री में कूड़े के इतने बड़े ढेर लगे हुए हैं कि मानो शहर का पूरा कूड़ा यहां गिराया जा रहा हो। रेलवे के अधिकारी आए दिन ट्रेनों को बढ़ावा देने के लिए नई नई परियोजनाओं का शिलान्यास करते नजर आते हैं, परंतु धरातल पर इनके अधिकारी सरकार की किरकिरी करने में कोई कसर नही छोड़ रहे हैं।
यहां तक कि खुद रेल मंत्री व अन्य बड़े-बड़े दिग्गज नेताओं के द्वारा झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान के हवाले दिए जाने के बावजूद जाखल का रेलवे स्टेशन इस अभियान से कोसों दूर नजर आ रहा है। गौरतलब है कि जाखल जंक्शन हरियाणा पंजाब की सीमा पर स्थित उतर भारत का सबसे महत्वपूर्ण स्टेशन है, क्योंकि यहां से देश के हर राज्य के लिए ट्रेनें निकलती है। हजारों यात्री यहां पर एक ट्रेन से उतरकर दूसरे ट्रेन पर चढ़कर अपने गंतव्य की और जाते हैं और रेलवे स्टेशन की बाउंड्री से उठ रही गंदगी से परेशान दिखाई देते हैं। शहर में एक ही स्थान पर कूड़ा गिराने के लिए नगर पालिका के पास कोई भी डंपिंग ग्राउंड नहीं है। जिसे लेकर पूरे शहर का कूड़ा रेलवे बाउंड्री में ही गिराया जा रहा है। जो कि नियमानुसार गलत है।
रेलवे बाउंड्री वॉल के आसपास कूड़ा फेंकने को लेकर नगर पालिका को काफी बार पत्र लिखा जा चुका है। कूड़ा गिराने के लिए किसी भी तरह की कोई अनुमति नहीं है। इसके संदर्भ में कार्यवाही की जाएगी।
एसके शोकर, स्टेशन इंजीनियर, जाखल
-
हमारी तरफ से कूड़ा रेलवे स्टेशन के आसपास नहीं गिराया जा रहा है। आम लोग यहां पर कूड़ा डालते हैं। कूड़ा निस्तारण के लिए कार्य किया जाएगा।
-महाबीर सिंह, सचिव, नगर पालिका, जाखल