रेस्ट हाउस में सीएम से मिलकर स्पेशल जोन के बारे में बताते प्रवीन काशी ।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। पिछले कुछ दिनों से नशे के खिलाफ आंदोलन कर रहे प्रवीन काशी की प्रशासन ने तमाम आशंकाओं के विपरीत सीएम मनोहर लाल से मुलाकात करवाई। भूना रोड स्थित रेस्ट हाउस में हुई इस मुलाकात में सीएम मनोहर लाल ने शांति से प्रवीन काशी की बातें सुनी और स्पेशल जोन के बारे में सवाल पूछे। इसके बाद उन्होंने प्रवीन काशी से कहा कि वो इस बारे में एक स्पेशल प्रोजेक्ट रिपोर्ट फतेहाबाद के उपायुक्त को सौंपे और डीसी उसकी फिजिबिलटी रिपोर्ट सरकार को भेजेंगे। उन्होंने प्रवीन काशी व उनके साथ गए प्रतिनिधिमंडल को विश्वास दिलाया कि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई और पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव मदद करने को तैयार है।
इससे पूर्व जिला प्रशासन प्रवीन काशी को अपने पूर्व एलान जिसमें उन्होंने पेट के बल लेट कर सीएम के कार्यक्रम में पहुंचना था, को न करने के लिए मना लिया और काशी व उनके समर्थकों को पुराने बस स्टैंड स्थित रेस्ट हाउस में रुकवा दिया। उस समय तक ये माना जा रहा था कि प्रशासन सीएम के कार्यक्रम तक प्रवीन काशी को रेस्ट हाउस में रोके रखना चाहता है ताकि कार्यक्रम में कोई बाधा नहीं पड़े। लेकिन कार्यक्रम के बाद जब सीएम भूना रोड स्थित रेस्ट हाउस में पहुंचे तो एकाएक सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज प्रवीन काशी व उनके साथियों अंगद ढिंगसरा, हरदीप सिंह आदि को लेकर नए रेस्ट हाउस पहुंचे और सीएम के कमरे में ले गए।
सीएम ने प्रवीन काशी के परिचय के बाद उनसे संत गोपालदास के बारे में भी पूछा और जब प्रवीन काशी ने उनसे स्पेशल जोन डिक्लेयर करने की मांग रखी तो सीएम ने उनसे स्पेशल जोन के बारे में पूछ लिया। इस पर प्रवीन काशी ने बताया कि जिस तरह से फतेहाबाद डार्क जोन में है तो सरकार उसके लिए विशेष व्यवस्था करते हुए विशेष बजट उपलब्ध करवाती है, उसी तरह सिरसा और फतेहाबाद जिले को नशे के चलते स्पेशल जोन बनाकर बजट की उपलब्धता करवाई जाए और साथ ही ब्लॉक स्तर पर अधिक बिस्तर वाले नशा मुक्ति केंद्र बनाए जाएं ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके। इस पर सीएम ने उन्हें प्रोजेक्ट रिपोर्ट डीसी को देने को कहा और इसके बाद चार सदस्यीय कमेटी और डीसी के साथ प्रोजेक्ट को चर्चा करने की भी राय दी।