पुलिस द्वारा कार से बदामद की गईं प्रतिबंधित गोलियां।
- फोटो : Fatehabad
टोहाना (फतेहाबाद)। शहर थाना पुलिस की टीम ने गश्त व नाकाबंदी के दौरान एक कार से भारी मात्रा में 37 हजार 340 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं, जबकि आरोपी गाड़ी को छोड़कर भाग गए। इस संबंध में पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत शहर थाने में मामला दर्ज कर कार व गोलियां को कब्जे में ले लिया है। पकड़ी गई गाड़ी का नंबर पंजाब से है, जिसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश के लिए पंजाब में भी लगातार दबिश दे रही है।
थाना शहर प्रभारी सुरेंद्रा सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम चंडीगढ़ रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। उसी दौरान टोहाना शहर की तरफ से आई एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने कार को भगा लिया। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो पंजाबी बस्ती में कार सवार युवक कार को छोड़कर साथ लगते खेतों में फरार हो गए। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो कार में से 37 हजार 340 प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।