टोहाना। हिसार रोड स्थित शहर के मुख्य टाउन पार्क की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासी ईश्वर सिंह, इंद्र सिंह, वेद व राजेश ने एसडीएम को लिखित शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में पार्क में व्याप्त समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा गया है कि रखरखाव का टेंडर 31 मार्च को समाप्त हो चुका है, लेकिन नया टेंडर अब तक नहीं खोला गया।
लोगों ने बताया कि टेंडर न होने से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। पार्क में घास बड़ी-बड़ी हो गई है और पानी की कमी से पेड़-पौधे सूख रहे हैं। इसके अलावा चौकीदार न होने के कारण पार्क का गेट हमेशा खुला रहता है, जिससे आवारा पशु अंदर घूमते रहते हैं। लोगों का आरोप है कि पार्क में लगी ओपन जिम के उपकरण टूटे-फूटे पड़े हैं। निर्माण के बाद से ही दोनों फव्वारे एक दिन भी नहीं चले।
गर्मी के मौसम में सैर के लिए आने वाले लोगों को खासी दिक्कत हो रही है क्योंकि पार्क में लगे दोनों वाटर कूलर खराब पड़े हैं। इसके अलावा तीन शौचालयों में से दो पूरी तरह बंद हैं जबकि एक कुछ समय के लिए ही खोला जाता है। शहर के मुख्य पार्क में ऐसी बदइंतजामी से लोगों में रोष है।
नगर परिषद के जेई रमनदीप ढांडा ने बताया कि बजट खत्म होने के कारण टेंडर प्रक्रिया रुक गई थी। 15 मई तक बजट आते ही नया टेंडर लगा दिया जाएगा और पार्क की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।