फतेहाबाद। एक मई को मिली मानव खोपड़ी के बाद शव का बाकी हिस्सा भी मिल गया है। सदर थाना पहुंची पुलिस ने कंकाल के पास मिली पैंट, जूतों और खोपड़ी के दांत व अन्य हिस्सों से उसकी पहचान गांव अहरवां निवासी विरसा सिंह (21) के रूप में की है। पुलिस ने कंकाल कब्जे में लेकर फिलहाल इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा भेज दिया है।
गांव अहरवां निवासी गुरसेवक ने गांव के ही एक युवक पर नशे के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। गुरसेवक ने बताया कि उसका भाई विरसा 18 अप्रैल को घर से दुकान पर सामान लेने के लिए गया था लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। विरसा के लापता होने की उन्होंने 19 अप्रैल को सदर थाने में शिकायत भी दी थी। इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर पुलिस को मिली इंसानी खोपड़ी नाम से एक पोस्ट देखी तो वे मंगलवार को पुलिस चौकी पहुंचे। यहां पर उन्होंने खोपड़ी को देखकर उसकी पहचान अपने भाई विरसा के रूप में की।
गुरसेवक के अनुसार खोपड़ी के दांतों और कानों में पहनी बालियों से उसकी पहचान हुई। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर ही शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश की। उन्हें गुरुनानकपुरा के साथ स्थित खेतों में अलग-अलग जगहों पर शरीर का बाकी कंकाल मिला। कंकाल के पास ही पेंट और जूते मिले जो भाई ने डाल रखे थे। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक कंकाल के पास विरसा की पेंट मिली है। पेंट की जेब में 10 रुपये का नोट मिला है। घर से वह 10 रुपये लेकर ही निकला था। गुरसेवक ने आरोप लगाया कि नशे के लिए उसके भाई की हत्या गांव के ही एक युवक ने की है। उक्त युवक उसके भाई को हेरोइन, मेडिकल नशे का नशा करवाता था। कई बार वह चोरी-छिपे भी नशा देकर जाता था। उसी ने तेजधार हथियार से उसकी हत्या की है और पहचान न हो इसके लिए शव को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। उन्हें शक है कि पहचान छिपाने के लिए तेजाब का भी इस्तेमाल हुआ है।
परिजनों ने गुरुनानकपुरा चौकी की पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार जब एक मई को खोपड़ी मिल गई थी तो शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश क्यों नहीं की गई। पुलिस ने पहचान के लिए भी कोई प्रयास नहीं किए। ये तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट देखी और चौकी पहुंचे। इसके बाद खोपड़ी की पहचान करते हुए उन्होंने खुद के स्तर पर ही शरीर का बाकी हिस्से चौकी के 100 मीटर के एरिया में तलाश लिए।
4 मई को होनी थी शादी
जिस घर में खुशियां आनी थी वहां पर मातम पसर गया है। मृतक के भाई गुरसेवक ने बताया कि विरसा की 4 मई को शादी तय थी। नशे ने उनके परिवार के बेटे और 4 बहनों का भाई छीन लिया है। करीब तीन साल पहले विरसा का रिश्ता हुआ था पर उम्र कम होने के कारण शादी अब होनी थी लेकिन उससे पहले ही उसकी हत्या हो गई।
-
सड़क के एक पार खोपड़ी तो दूसरी तरफ मिला कंकाल
एक माई को पुलिस को गुरुनानकपुरा चौकी के सामने खेतों में मानव खोपड़ी मिली थी। परिजनों के मुताबिक सड़क की दूसरी तरफ कंकाल मिला है। ऐसे में ये भी सवाल उठ रहे हैं कि खोपड़ी दूसरी तरफ कैसे पहुंची थी। इसके अलावा कंकाल का अभी हाथ नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार खोपड़ी मिलने के बाद भी पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान नहीं चलाया। परिजनों का आरोप है कि कहने पर पुलिसकर्मी बोले कि तुम खुद ढूंढ लो।
-
पुलिस को पिछले दिनों जो मानव खोपड़ी मिली थी उसकी पहचान हो गई है। अब बाकी का जो हिस्सा मिला है उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। परिवार के बयान पर कार्रवाई की जा रही है। अभी पता लगाया जा रहा है कि चौकी से कितनी दूरी पर कंकाल मिला है।
- निकिता खट्टर, एसपी