फतेहाबाद। डीसी कार्यालय पर पड़ाव डालकर रोष जताते रिटायर्ड कर्मचारी। संघ
फतेहाबाद। आठवें वेतन आयोग का लाभ सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समान रूप से देने की मांग को लेकर मंगलवार को रिटायर्ड कर्मचारियों ने डीसी कार्यालय पर 24 घंटे का पड़ाव शुरू किया। अध्यक्षता रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान भोला सिंह और संचालन जिला सचिव बेगराज ने किया।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पेंशनर्स शामिल हुए। धरने को संबोधित करते हुए भोला सिंह, कोषाध्यक्ष रघुनाथ मेहता और बेगराज ने कहा कि 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों और इसके बाद सेवानिवृत्त होने वालों के बीच भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सभी पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग की। साथ ही कोरोना काल के 18 महीने के बकाया महंगाई भत्ते का एरियर जारी करने की मांग उठाई। पेंशन में उम्र के आधार पर बढ़ोतरी की मांग भी रखी गई। 65 वर्ष पर 5 प्रतिशत, 70 वर्ष पर 10 प्रतिशत, 75 वर्ष पर 15 प्रतिशत और 80 वर्ष की आयु पर 20 प्रतिशत वृद्धि की मांग की गई।
इसके अलावा कम्यूट की गई पेंशन की कटौती 15 वर्ष की जगह 11 वर्ष में बंद करने, फैमिली पेंशनर्स को एलटीसी और वरिष्ठ नागरिकों को रेल व हवाई यात्रा में मिलने वाली छूट बहाल करने की मांग की गई। पड़ाव में सीएन भारती, निहाल सिंह मताना, सुभाष चंद्र, रणधीर सिंह डबास, रामदास, धर्मपाल यादव, गुरप्रीत सिंह, सुखविंदर सिंह, रामकिशन तंवर, ओम प्रकाश चड्ढा और कृष्णा मेहरा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।