फतेहाबाद। गांव भूथनकलां की 12 वर्षीय खिलाड़ी पावनी कम समय में शानदार उपलब्धियां हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन कर रही है। महज आठ माह पहले कबड्डी का अभ्यास शुरू करने वाली पावनी ने अपनी मेहनत के बल पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में पहला स्थान प्राप्त कर खुद को उभरती खिलाड़ी के रूप में स्थापित किया है।
पावनी गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सातवीं कक्षा में अध्ययनरत है। वह गांव में संचलित खेल नर्सरी में प्रशिक्षक प्रदीप ताखर के नेृत्व में नियमित रूप से सुबह और शाम कबड्डी खेल का अभ्यास करती है। कोच प्रदीप ताखर ने बताया कि पावनी में शुरुआत से ही सीखने की ललक और अनुशासन दिखाई दिया। कम समय में उसने तकनीक और फिटनेस पर अच्छी पकड़ बना ली है।
कोच के अनुसार पावनी ने सांसद खेल महोत्सव के तहत ब्लाॅक व विधानसभा स्तर पर पहला स्थान पाया था। जिसके बाद एमएम कॉलेज में दो सप्ताह पहले आयोजित सांसद खेल महोत्सव के ग्रैंड फिनाले में भाग लिया, लेकिन कोई स्थान प्राप्त नहीं कर पाई। खिलाड़ी पावनी ने बताया कि उसे कबड्डी खेल से जुड़ने के लिए प्रेरणा गांव की ही प्रतिज्ञा पंवार से मिली। प्रतिज्ञा पंवार राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी की प्रतियोगिता खेल चुकी है।