फतेहाबाद। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी फतेहाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर प
फतेहाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहाबाद में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में हिस्सा लेने के लिए जनसैलाब उमड़ा। 15 हजार से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी उमड़ी भीड़ से इस कदर गदगद दिखे कि वह खुद 20 मिनट से अधिक समय तक लोगों पर पुष्प वर्षा करते रहे। प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने के लिए सीएम नायब सैनी खुद भी पंचायत भवन से एमएम काॅलेज के करीब 1.5 किलोमीटर लंबे रूट तक दौड़ लगाकर रन फॉर यूनिटी में शामिल हुए।
पंचायत भवन के बाहर आयोजित हुए रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की अखंडता का प्रतीक है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमारे राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करने का दिन है। आज हम सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लौह पुरुष पटेल ने जिस संकल्प, साहस और दूर दृष्टि से भारत को एक सूत्र में पिरोया, वह आज भी प्रेरणा स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और अनुशासन का प्रतीक है। हरियाणा के सभी जिलों में लाखों नागरिक इस राष्ट्रीय संकल्प का हिस्सा बन रहे हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक कदम है।