फतेहाबाद में नगर परिषद कर्मचारी कैंप लगाकर स्वयं सत्यापित करवाते हुए प्रापर्टी आईडी
फतेहाबाद। नगर निकाय द्वारा गृहकर पर दी गई छूट का वीरवार को आखिरी दिन है। लेकिन छूट का लाभ तभी मिलेगा जब प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित की जाएगी और परिवार पहचान पत्र से जोड़ी जाएगी। लेकिन ओटीपी देरी से आने के कारण प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित नहीं हो रही है। प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित को लेकर नगर परिषद द्वारा दो टीमों का गठन भी किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करवा रही है।
टीम के मुताबिक पोर्टल पर लोड होने के कारण ओटीपी देरी से आ रहे है इस कारण प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करने में समय लग रहा है। किसान आंदोलन के चलते इंटरनेट और मैसेज बंद करने से भी प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित का काम प्रभावित रहा था। नगर निकाय द्वारा प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करने पर मौजूदा गृहकर में 15 फीसदी की छूट दी गई है। इसके अलावा वर्ष 2022-23 का बकाया गृहकर एकमुश्त भरने पर ब्याज पर 100 फीसदी की छूट दी गई है। बता दें कि फतेहाबाद में 30050 प्रॉपर्टी आईडी है जिसमें करीब 13 फीसदी ही स्वयं सत्यापित हुई है।
कोट
प्रॉपर्टी आईडी को स्वयं सत्यापित करने के लिए टीमें गठित की गई है। ये टीमें डोर-टू-डोर भी जा रही है। लोगों से भी अपील है कि प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित करके छूट का फायदा उठाएं।
- राजेंद्र सोनी, ईओ नगर परिषद