हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हालत में मोटरसाइकिल।
- फोटो : Fatehabad
भूना। टोहाना रोड पर सोमवार देर रात को लिंकन कॉटन फैक्टरी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसा एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव ढाणी डूल्ट निवासी 37 वर्षीय रामप्रसाद पुत्र सुखबीर सिंह अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर भूना से घर जा रहा था। बताया जा रहा है कि लिंकन कॉटन फैक्टरी के पास जब उसने एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की तो सामने से तेज गति में आ रहे 32 वर्षीय गुरचरण सिंह डूल्ट निवासी की बाइक से उसके मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे गुरचरण सिंह सड़क पर जा गिरा। इस दौरान पास से गुजर रहे ट्रैक्टर का पिछला टायर गुरचरण के ऊपर से गुजर गया। हादसे में गुरचरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार रामप्रसाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक जगबीर सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक गुरचरण पुत्र रामकिशन के भाई की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक जगबीर सिंह पुत्र धर्मपाल निवासी भीमा वाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।