भट्टू कलां। भट्टू कलां पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली धोखाधड़ी मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को इस आरोपी से पुलिस ने तीन ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक करीब 10 ट्रैक्टर व 11 ट्राली डंपर बरामद कर चुकी है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश चुघ ने बताया कि भट्टू कलां पुलिस ने 30 जून को एक शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर डंपर किराए पर लेकर उन्हें गायब करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। पुलिस ने इस मामले में सहयोगी रहे शेरसिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ के बाद गांव ठसका से दो ट्रैक्टर व तारानगर राजस्थान से एक ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि गांव बनगांव निवासी छजूराम ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि 25 मई को नरेश कुमार निवासी चौबारा, सोनू निवासी कुलेरी व कुलदीप यह कहकर उसका ट्रैक्टर डंपर ले गए कि वह न्यूक्लियर प्लांट गोरखपुर के ठेकेदार है और उन्हें ट्रैक्टर डंपर की आवश्यकता है, जिसका 35 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देंगे। जब उसने एक माह बाद किराया लेने को लेकर पता किया, तो वहां उसका ट्रैक्टर डंपर व असल दस्तावेज उपलब्ध ही नहीं हो पाए। उसने बताया कि करीब 13 लोगों के ट्रैक्टर डंपर असल दस्तावेज के साथ इस तरह से लिए गए और उन्हें धोखे में रखकर उनके वाहन व दस्तावेज नहीं दिए जा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में अब तक पुलिस ने 11 डंपर व 10 ट्रैक्टर बरामद कर लिए हैं जबकि तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।