फतेहाबाद। डीसी डॉ. विवेक भारती ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े कार्य सीधे आमजन से संबंधित हैं, इसलिए इनमें अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी बुधवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने निशानदेही, म्यूटेशन और न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा की। निशानदेही के मामलों पर डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी मामला एक सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। तहसीलदार और नायब तहसीलदार इसकी नियमित निगरानी करें, जबकि एसडीएम भी समय-समय पर प्रगति की समीक्षा करें।
म्यूटेशन के मामलों में पुराने लंबित केसों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया। वहीं, कोर्ट केसों को वर्षवार और श्रेणीवार वर्गीकृत कर उनकी प्राथमिकता तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों में पहले कार्रवाई की जाए और प्रत्येक केस की प्रगति रिपोर्ट भी नियमित रूप से तैयार की जाए। डीसी ने अधिकारियों से कहा कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखते हुए कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करें। लंबित मामलों की संख्या कम करने के लिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर निगरानी रखें। बैठक में एसडीएम आकाश शर्मा, राजेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीआरओ संजय चौधरी, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीआईओ सिकंदर, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह तथा नायब तहसीलदार हरीश कुमार, विकास कुमार, अनिल कुमार और कृष्ण कुमार मौजूद रहे।