फतेहाबाद। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत पंचायत भवन में शुक्रवार को लगाया गया विशेष शिविर खानापूर्ति बन गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री सोमप्रकाश के जाते ही शिविर निपट गया। केंद्रीय मंत्री करीब पौने 12 बजे शिविर में पहुंचे और दोपहर 1 बजे शिविर संपन्न हो गया। इस दौरान आए कुछेक लोगों ने परिवार पहचान पत्र, फैमिली आईडी और पेंशन न बनने संबंधी समस्याएं कर्मचारियों के सामने रखी। वहीं, कुछ लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
दरअसल, एक ही दिन में दो जगह कार्यक्रम रखने के चलते अधिकारियों व कर्मचारियों में भी जल्दबाजी का माहौल रहा। शुक्रवार सुबह 11 बजे से पंचायत भवन में शहर के वार्ड नंबर 5 से 13 के लिए, जबकि दोपहर 3 बजे से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वार्ड नंबर 1 से 5 व 22 के नागरिकों के लिए जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद सुनीता दुग्गल व विधायक दुड़ाराम ने की। इनके साथ केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया और पूर्ण जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की स्टॉल पर अपने स्वास्थ्य की भी जांच करवाई।
उपस्थिति बताई 1150 की, शिकायत आई सिर्फ सात
नगर परिषद के डाटा सेक्शन के कर्मचारियों ने अपनी रिपोर्ट में सुबह के सत्र में करीब एक घंटे में 1150 लोगों की उपस्थिति दर्शाई है। मगर, इस दौरान आने वाली शिकायतों का आंकड़ा सिर्फ सात ही बताया गया है। दिलचस्प बात यह है कि सातों ही शिकायत एक आरटीआई कार्यकर्ता की है। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना, हेल्थ चेकअप, आयुष्मान कार्ड, परिवार पहचान पत्र के लिए लगाई गई स्टालों पर प्रत्येक पर 200 से 250 लोगों के जानकारी लेने का आंकड़ा दिया गया है।
देश की एकता को सुदृढ़ बनाए रखने में नागरिक अपना पूर्ण योगदान दें : सोमप्रकाश
केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री सोमप्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि देश की एकता को सुदृढ़ बनाए रखने में सभी नागरिक अपना पूर्ण योगदान दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश को अर्थ व्यवस्था के मामले में तीसरे स्थान पर लाया जाए। चंद्रयान की लॉचिंग कर भारत विश्व का चौथा देश बना है। केंद्र सरकार द्वारा पांच वर्ष के लिए 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। 4 करोड़ लोगों को घर बनाकर दिए हैं तथा उज्ज्वला योजना के तहत 11 करोड़ गैस कनैक्शन वितरित किए गए है। 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण करवाया है। किसानों के हित के लिए केंद्र सरकार ने अनेक फैसले लिए हैं। 12 करोड़ से अधिक किसानों को छह हजार रुपये प्रति वर्ष उनके बैंक खातों में दिए जा रहे हैं। केंद्र सरकार का केवल एक ही लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी सरकार की योजनाओं व सेवाओं का लाभ मिले। गरीब लोगों के इलाज के लिए पांच लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एकता और अखंडता को बनाए रखे ताकि देश दुनिया का शक्तिशाली देश बने। देश के सभी नागरिक समाज व राष्ट्र के नव निर्माण में अह्म भूमिका निभाते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाए।
शिविर में आए लोग बोले-
मेरी आयु सभी कागजातों में 69 वर्ष हो चुकी है, लेकिन अभी तक बुढ़ापा पेंशन नहीं बन सकी है। इसके लिए मैं जिला समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहा हूं। जब विभाग में पेंशन बनवाने जाता हूं तो एक ही जवाब मिलता है कि फैमिली आईडी से पेंशन बनेगी, हम कुछ नहीं कर सकते। इसलिए अब कैंप में आया हूं।
-राजाराम, निवासी, फतेहाबाद
मेरी आयु 63 वर्ष हो चुकी है। मेरे सभी कागजात पूरे हैं, मैंने कागजात पेंशन शाखा में चेक भी करवा लिए हैं। मगर अभी तक बुढ़ापा पेंशन नहीं बनाई गई है। बुढ़ापा पेंशन बनवाने के लिए परेशान हो रहा हूं। अब शिविर में आकर फिर से प्रयास किए हैं ताकि पेंशन बन जाए तो लाभ मिल सकें।
-महेंद्र कुमार, निवासी, अशोक नगर
मेरी शादी को तीन वर्ष पूरे होने वाले हैं। मेरी फैमिली आईडी में अभी तक मेरी पत्नी का नाम नहीं जुड़ा है। कर्मचारियों ने मुझे बताया कि आप सीएससी से ऑनलाइन आवेदन करवा दो। मैंने ऑनलाइन आवेदन करवा दिया, फिर भी फैमिली आईडी में नाम दर्ज नहीं हुआ है। अब शिविर में आकर फिर से आवेदन किया है।
-जयपाल, निवासी, आजाद नगर
मैं आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा था। मगर मेरा आयुष्मान कार्ड नहीं बना। मुझे सुबह पता लगा कि पंचायत भवन में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत शिविर लग रहा है। यहां पहुंच कर आवेदन किया तो मेरा आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन हो गया है।
-आशीष, निवासी, फतेहाबाद
कोट
प्रशासन को बताना चाहिए कि क्या सिर्फ मंत्री को दिखाने के लिए ही शिविर लगाया गया था। जनता को समस्याएं रखने के लिए समय देना चाहिए था। मंत्री के जाते ही तत्काल सारे अधिकारी निकल लिए। इस तरह तो जनसंवाद कार्यक्रम सिर्फ दिखावा बनाकर ही छोड़ दिए गए हैं।
-हरदीप सिंह, अध्यक्ष, जिंदगी संस्था
कोट
शिविर में उपस्थिति कम रहने की वजह ठंड है। फिर भी हमने 24 जनवरी का दिन रिजर्व रखा है। जहां लोगों का रुझान कम रहा है, वहां उस दिन शिविर लगाया जा सकता है।
-डॉ. ब्रह्मजीत सिंह रांगी, एडीसी एवं नोडल अधिकारी, विकसित भारत संकल्प यात्रा