फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में मरीजों की जांच करतीं त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर प्रीत कौर।
फतेहाबाद। भीषण गर्मी के कारण जिले में त्वचा रोग के मामले बढ़ रहे हैं। मई महीने में ही ऐसे मरीजों की संख्या में 33 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। इस कारण त्वचा रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रहती है। शुक्रवार को भी जिला नागरिक अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ ने 200 मरीजों की जांच की। दाद, खाज, फंगल इंफेक्शन, त्वचा पर एलर्जी जैसी समस्या लेकर मरीज आ रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले 20 दिनों से जिले का पारा 40 डिग्री से अधिक रहा है। पिछले एक सप्ताह से तो अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज हो रहा है। गर्मी और पसीने के कारण त्वचा की सेहत पर इसका असर पड़ रहा है। 20 दिन पहले त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास 120 से 150 तक ओपीडी होती थी। मगर अब यहां करीब 200 मरीज इलाज कराने आ रहे हैं।
ढीले और सूती वस्त्र पहनकर करें बचाव
जिला नागरिक अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीत कौर ने बताया कि गर्मी आने पर त्वचा रोग के मामले बढ़ जाते हैं। इस कारण त्वचा रोग के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। त्वचा रोग से बचने के लिए ढीले सूती वस्त्र पहनने चाहिए, जो शरीर पर आने वाले पसीने को पूरी तरह से सोख सकें। गर्मियों में फंगल इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। फंगल इंफेक्शन से बचने के लिए जींस या टाइट कपड़े पहनने के बजाय हवादार सूती कपड़े पहनना चाहिए। गर्मी के पसीने से हम अपने आप को जितना बचाएंगे, फंगल इंफेक्शन होने के चांस उतने कम हो जाएंगे। बिना डॉक्टर की सलाह के बाहर बाजार या मेडिकल से दवाई खरीदकर उपयोग नहीं करनी चाहिए, ऐसी दवाइयों का सेवन करने से हमारी स्किन और खराब हो सकती है।