म लगा रहे प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए थाना प्रभारी बलवान सिंह एवं एसडीओ धर्मवीर सिंह।
टोहाना। भीषण गर्मी में शहर में लगातार लग रहे बिजली कटों से शहरवासियों में रोष है। वीरवार रात करीब साढ़े 11 बजे रामनगर के लोगाें ने 33 केवी बिजली घर के बाहर हिसार-चंडीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। जाम के चलते वाहनों की कतार लग गई तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना पाकर थाना प्रभारी बलवान सिंह मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर प्रदर्शनकारी नहीं माने। एसडीओ धर्मवीर सिंह जब मौके पर आए तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने पूछा कि जनता बिजली कटों से परेशान है, आपके शिकायत नंबर मिल नहीं रहे। निगम को उचित व्यवस्था करनी चाहिए। एसडीओ के आश्वासन के बाद करीब 40 मिनट बाद लोगोंं ने जाम खोल दिया।
एसडीओ ने गुस्सा किया तो भड़के लोग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हरपाल चौक पर लाइट व्यवस्था सुचारू है, लेकिन उनके इलाके में समस्या बनी हुई है। जिस पर एसडीओ ने कहा कि आपको इस बात की जानकारी नहीं है कि वहां की लाइट कहां से आ रही है। इस पर लोगों ने कहा कि आपका काम हमारी समस्या का हल करना है, आप अपनी नाकामी का गुस्सा हमारे ऊपर मत झाड़िए। क्षेत्र में गर्मी पूरी पीक पर चल रही है जबकि निगम जनता को बिजली सुविधा मुहैया करवाने में नाकाम रहा है। रामनगर के रहने वाले बिटूटू, मनोज, रवि ने कहा कि निगम द्वारा जो भी ट्रांसफार्मर रखे जाते हैं, वे जल्दी ही खराब हो जाते हैं। इससे अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। तीन दिन से लगातार ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। निगम द्वारा हर साल उचित व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन हर बार लगने वाले बिजली के कट जनता की परेशानी को बढ़ा देते हैं। उन्होंने कहा कि निर्बाध बिजली देने के दावे फेल होते नजर आ रहे हैं।
-
जाम लगा रहे लोगों को समझाया गया था। रामनगर में अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद समस्या का स्थायी हल हो जाएगा।
धर्मवीर सिंह, एसडीओ, बिजली निगम