जाखल। रेलवे की ओर से 2020 में कोरोना के कारण बढ़ा गए न्यूनतम किराए को कम करने का फैसला लेकर यात्रियों को बड़ी राहत दी गई है। कोरोना काल में रेलवे ने न्यूनतम किराए को 10 रुपये से बढ़ाकर 30 रुपये कर दिया था। वहीं, पैसेंजर ट्रेनों को मेल गाड़ी का नाम देकर सफर महंगा कर दिया गया था। मगर अब फिर से न्यूनतम किराया 10 रुपये कर दिया गया है। इससे अलग-अलग गंतव्य की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा लाभ हुआ है।
न्यूनतम किराया कम होने से पहले जहां यात्री जाखल से दिल्ली जाने के लिए 80 रुपये का टिकट खरीदते थे, वो अब पैसेंजर ट्रेन में सिर्फ 45 रुपये में सफर कर सकते हैं। इसी तरह जाखल से लुधियाना 60 रुपये के बजाय मात्र 30 रुपये, जाखल से बठिंडा 50 रुपये की जगह 25 रुपये व जाखल से हिसार 45 रुपये की जगह 25 रुपये का टिकट खरीद सफर कर सकते हैं।
इन स्टेशनों तक लगेंगे सिर्फ 10 रुपये
रेलयात्री जाखल से मात्र 10 रुपये का टिकट खरीद कर टोहाना, नरवाना, बरेटा, बुढलाडा, जमालपुर, उकलाना, बरवाला, लहरागागा व उधम सिंह वाला सुनाम तक रेलगाड़ियों में सफर कर सकते हैं। चांदपुरा के सरपंच अमरीक ग्रेवाल, सिधानी के सरपंच सोनू, जाखल के सरपंच अर्जुन सिंह, पूर्व सरपंच सुरेंद्र मित्तल व जगवीर गोस्वामी ने कहा कि कोरोना काल में बंद हुई अधिकतर पैसेंजर ट्रेनें अभी तक बंद पड़ी है। इसके कारण किराए में मिली राहत का लोगों को लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्हें मेल गाड़ी में महंगा सफर करना पड़ रहा है। दिल्ली और बठिंडा की ओर पैसेंजर ट्रेनों की कमी देखने को मिल रही है।