फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग अब रतिया के नागरिक अस्पताल में भी ब्लड स्टोरेज यूनिट खोलने जा रहा है। यहां के मरीजों को रक्त के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रतिया के नागरिक अस्पताल के स्टोरेज यूनिट में ही रक्त उपलब्ध हो जाएगा। फतेहाबाद नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक से रतिया यूनिट में रक्त उपलब्ध करवाया जाएगा।
नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा कैंप लगाकर ढाई माह में 562 यूनिट रक्त इक्ट्ठा किया जा चुका है। इसमें पांच महिलाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की माने तो रतिया में ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए सिर्फ लाइसेंस मिलने का इंतजार है। इसके अलावा अन्य उपकरण व मशीनें उपलब्ध हो चुकी है। यहां यूनिट शुरू होने से डिलिवरी के दौरान गर्भवती और अन्य सर्जरी केस में मरीजों को फायदा होगा।
नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक की स्थिति
ग्रुप रक्त की उपलब्धता
ए पॉजिटिव 8 यूनिट
बी पॉजिटिव 31 यूनिट
एबी पॉजिटिव 4 यूनिट
ओ पॉजिटिव 16 यूनिट
ए नेगेटिव 1 यूनिट
बी नेगेटिव 3 यूनिट
एबी नेगेटिव 3 यूनिट
ओ नेगेटिव 4 यूनिट
रक्तदान से पहले ली जाती है ये जानकारी
तीन घंटे कुछ खाया या नहीं
रात को अच्छे से नींद आई थी या नहीं
क्या पिछले सात दिनों में किसी दवा का सेवन किया था
क्या पिछले 6 माह में दांत निकलवाए हैं या फिर टैटू गुदवाया है या फिर कान में छेद तो नहीं करवाया
क्या पिछले एक साल में मलेरिया या पीलिया हुआ है।
क्या पिछले 6 माह में खून चढ़ा है या एक साल में कोई ऑपरेशन करवाया है।
महिला जिसे मासिक स्त्राव से संबंधित कोई परेशान है।
क्या महिला ने पिछले एक साल में बच्चे को जन्म दिया है या बच्चे को दूध पिला रही है।
क्या गर्भवती है या फिर पिछले 6 माह में गर्भपात हुआ है।
ब्लड सेपरेटर कंपोनेट प्रोजेक्ट के लिए लगेगा समय
नागरिक अस्पताल के ब्लड बैंक में ब्लड सेपरेटर कंपोनेट प्रोजेक्ट शुरू होना है। लेकिन इसके लिए जगह का अभाव है। स्वास्थ्य विभाग ने कक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव विभाग को भेज दिया है लेकिन मंजूरी नहीं मिली है। ब्लड सेपरेटर कंपोनेट प्रोजेक्ट शुरू होने से मरीजों को प्लेटलेट्स आदि उपलब्ध हो जाएंगे।
कोट
रतिया के सरकारी अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट खोली जा रही है। मरीजों को ब्लड के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल की यूनिट में ही ब्लड उपलब्ध हो जाएगा। इससे गर्भवती को फायदा होगा जिन्हें डिलिवरी के दौरान ब्लड चढ़ाने की जरूरत होती है।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन