नागरिक अस्पताल में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए डॉक्टर का इंतजार करते लोग।
- फोटो : Fatehabad
नागरिक अस्पताल में बुधवार को दिव्यांग सर्टिफिकेट के लिए लगने वाले मेडिकल बोर्ड में लोगों को सिर्फ चक्कर ही कटवाए जा रहे है। किसी को रेफर किया जा रहा है तो किसी को इंतजार करना पड़ रहा है। मेडिकल बोर्ड में हड्डी रोग विशेषज्ञ (आर्थो) 11 बजे के बाद पहुंच रहा है तो फिजिशियन की सलाह के लिए आवेदक को अग्रोहा रेफर किया जा रहा है। हर सप्ताह लगने वाले बोर्ड में दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए लोगों को निराशा हाथ लग रही है। दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वाले 80 से 90 आवेदकों में से मात्र 20 से 30 लोगों के ही प्रमाण पत्र जारी हो रहे है।
सरकार की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए दिव्यांग को प्रमाण पत्र दिखाना होता है। दिव्यांग प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग जारी करता है। स्वास्थ्य विभाग के पास आने वाले आवेदन करने वालों के प्रमाण पत्र बनाने के लिए बुधवार को नागरिक अस्पताल में मेडिकल बोर्ड लगाया जाता है। नागरिक अस्पताल में न तो हड्डी रोग विशेषज्ञ है और न ही फिजिशियन है। अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डबवाली से आता है जो कि 11 बजे के बाद ही पहुंचता है। इसके अलावा फिजिशियन की सलाह के लिए आवेदकों को अग्रोहा मेडिकल रेफर किया जाता है।
पांच घंटे इंतजार, लेकिन फिर भी नहीं देखते डॉक्टर :
मेडिकल बोर्ड में आवेदन करने वाले लोगों को ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए पांच-पांच घंटे का इंतजार करना पड़ता है। लेकिन कई विभागों में दोपहर एक बजे के बाद मेडिकल बोर्ड की ओपीडी बंद की जा रही है। इसके चलते आवेदकों को सात दिन बाद दोबारा आना पड़ रहा है।
वर्जन:::
दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए आर्थो आ रहा है लेकिन फिजिशियन यहां नहीं है, इस लिए आवेदक रेफर किए जा रहे है। बुधवार को भी यहां से केस रेफर किए गए हैं। मेडिकल बोर्ड के दिन यहां पर फिजिशियन की व्यवस्था हो सके इसके लिए उच्च अधिकारियों के सामने मामला रखा जाएगा।
- डॉ. संगीता अबरोल, उप सिविल सर्जन
-----
11 एफटीबीपी 26 नागरिक अस्पताल में प्रमाण पत्र के लिए डॉक्टर का इंतजार करते लोग
---