फतेहाबाद के भट्टू रोड पर जलती तिरंगा लाइटें व स्ट्रीट लाइट
फतेहाबाद। शहर में शनिवार को दिन में भी तिरंगा लाइटें व स्ट्रीट लाइटें जलती रहीं। जिसको देखकर शहर के लोग भी अचंभित रहे। शहर के भट्टू रोड व भूना रोड पर तिरंगा लाइटें व स्ट्रीट लाइटें जलती रहीं, जिस कारण नगर परिषद पर बिजली का अतिरिक्त भार रहा। देखने लायक यह बात थी कि नगर परिषद के अधिकारियों को इस बात की जानकारी होने के बाद भी इन स्ट्रीट लाइटों को नहीं बुझाया गया।
गौरतलब है कि नगर परिषद की ओर से फतेहाबाद के सभी मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों के साथ-साथ तिरंगा लाइटें भी लगाई गई हैं। जिसका संचालन नगर परिषद ही करता है और सुबह इनको बंद करने व शाम होते ही जलाने के लिए नगर परिषद का कर्मचारी तैनात रहता है। शुक्रवार सुबह इन लाइटों काे बंद नहीं किया गया। भट्टू रोड व भूना रोड पर तिरंगा लाइटें व स्ट्रीट लाइटें दिनभर जलती रही, जो शहर में लोगों की चर्चा का विषय भी रहा। लोगों का कहना था कि नगर परिषद बनी बनाई सड़कों को तोड़कर दोबारा बना रही है और अब पैसा खपाने के लिए दिन में भी लाइटें जला रही है।
-
फतेहाबाद में सभी स्ट्रीट लाइटों व तिरंगा लाइटों का भार एक ही एमसीबी पर था, शनिवार को सबकी एमसीबी अलग-अलग लगाई गई हैं, दिन में इसका ट्रायल लिया गया था ताकि सुचारू रूप से काम कर सके।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद।