परिवार पहचान पत्र में त्रुटि की कॉपी दिखाता आकाश पंवार।
फतेहाबाद। परिवार पहचान पत्र में त्रुटियाें के मामले तो रोज सामने आते हैं, लेकिन अब एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फतेहाबाद में अनुसूचित जाति के परिवार का मुखिया सामान्य वर्ग से दिखा दिया गया, जिस कारण यह परिवार काफी परेशानियों का सामना कर रहा है। जब वह अधिकारियों के पास जाता है तो उसे पंचकूला जाकर इस त्रुटि को ठीक करवाने के लिए कहा जाता है। ऐसे करीब 200 मामले प्रतिदिन प्रशासन के पास आते हैं और लोग परेशान हैं।फतेहाबाद के जंडी मोहल्ला निवासी आकाश पंवार ने 22 दिसंबर 2020 को परिवार पहचान पत्र के लिए आवेदन किया था। उस समय उनकी फैमिली आईडी में उनका व उनकी पत्नी प्रियंका का नाम था। उस समय उनकी आय सत्यापन के लिए दो बार उनके पास फोन भी आया था और उन्होंने अपनी आय भी सत्यापित करवा दी थी। अब जब उनकी 11 माह की बेटी का नाम परिवार पहचान पत्र में डलवाने के लिए वह सीएससी सेंटर पर गए तो उनके परिवार पहचान पत्र में एक नया नाम जुड़ा हुआ मिला। आकाश पंवार अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और उनके परिवार पहचान पत्र में सामान्य वर्ग के महेश कुमार का नाम जुड़ा हुआ था, यही नहीं उसे घर का मुखिया दर्शाया हुआ था और मोबाइल नंबर भी मुख्य रूप से परिवार पहचान पत्र में दर्शाया गया है। संवाद
पीपीपी में मोबाइल नंबर भी दूसरे का दर्ज
आकाश पंवार अब अपनी 11 माह की बेटी का नाम पीपीपी में दर्ज करवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। पेशे से आर्किटेक्ट आकाश पंवार बताते हैं कि उनको सीधा कहा जाता है कि अब इस त्रुटि को दूर करने के लिए आपको पंचकूला मुख्यालय में जाना पड़ेगा। वहीं जिस व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया है, वह भी ओटीपी नहीं बताता है। जिस कारण उनकी बेटी का नाम पीपीपी में दर्ज नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि पटवारी ने उनकी जाति का सत्यापन किया था, ऐसे में अनुसूचित परिवार का सामान्य वर्ग का व्यक्ति मुखिया कैसे बन सकता है।
प्रतिदिन सीएससी सेंटरों पर 200 से अधिक आ रहीं शिकायतें
फतेहाबाद में पीपीपी को लेकर प्रतिदिन 200 से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं। अशोक नगर निवासी एक परिवार के आठवीं कक्षा के बच्चे की आय ढाई लाख रुपये तक दर्शा दी गई थी। हालांकि प्रशासन पीपीपी में त्रुटियों को दूर करने के लिए शिविर तो लगाता है, लेकिन लोगों को इसका कोई फायदा नहीं हो रहा। गंभीर त्रुटि दूर करने के लिए सीधा कहा जाता है कि पंचकूला में ही इसका समाधान होगा।
कोट
पीपीपी में त्रुटियों को दूर करने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इसको लेकर शिविर भी लगाए जा रहे हैं। किसी नागरिक को समस्या है तो वह एडीसी कार्यालय में आकर अपनी बात रख सकता है।
-डॉ. ब्रह्मजीत रांगी, एडीसी फतेहाबाद।