सदर थाना में खड़ा कंटनेर में जिसमें मौजूद थी शराब की बोतलें संवाद
फतेहाबाद। तस्करों से पकड़ी शराब की बोतलों के खुर्द-बुर्द करने की नीयत से कंटेनरों में छिपाया गया था। आरोपी थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने कोर्ट के आदेशों की भी परवाह नहीं की। जांच में थाना स्टाफ के बयानों में विरोधाभास दिखा। इसी के चलते एसपी ने पूरे स्टाफ का ही तबादला कर दिया। ताज्जुब है कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी अपने बयान में कंटेनर में रखी शराब के बारे में अनभिज्ञता जता रहे हैं। इससे जाहिर की उन्होंने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
एएसपी दिव्यांशी सिंगला की जांच में सामने आया कि मालखाने में रखी शराब की बोतलों में भारी गड़बड़ी हुई है। रिकॉड की जांच की गई तो 561 बोतलें कम मिलीं। इस मामले में प्रधान सिपाही कमल पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी रात एसएचओ के निर्देश पर शराब की पेटियां उनके वाहन में रखते दिखाई दे रहे हैं। इस सवाल पर थाना प्रभारी अपने बचाव में कहते हैं कि थाने में किसी काम के लिए बुलाए जाने वाले मजदूरों आदि को देने के लिए रखवाई गई थी। दोनों कंटनेरों पर ताला किसने लगाया, किसके कहने पर लगाया, ताला लगाने से पहले कंटेनर खाली है या नहीं जैसे कई सवालों के जवाब कोई नहीं दे सका। फिलहाल एसपी ने जांच के लिए डीएसपी जगदीश काजला के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। टीम में शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा, सदर थाने ने नए प्रभारी प्रहलाद राय, आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारी समेत छह सदस्य शामिल हैं।
प्रभारी ने 6 पेटी शराब खुद की गाड़ी में रखवाई
एएसपी की रिपोर्ट में आरोप है कि 15 जून की रात निरीक्षक प्रहलाद सिंह ने मालखाना खुलवाया और छह पेटियां अपनी गाड़ी में रखवाईं। सीसीटीवी फुटेज तथा चालक विक्रम के बयान में भी इसका उल्लेख है।
डूबते युवक की जान बचाने पर सम्मानित हो चुके थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह को एसपी निकिता खट्टर ने करीब 15 दिन पहले बड़ोपल नहर में डूब रहे युवक को बचाने पर सम्मानित किया था।
-
सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच करवाई गई। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- जगदीश काजला, डीएसपी