फतेहाबाद। शहीदों की यादों को सहेज कर रखने के उद्देश्य से जिला परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में शहीद स्मारकों का निर्माण करवा रही है। जिले के चार गांवों में शहीद स्मारकों का निर्माण कार्य जारी है। इस पर कुल 70 लाख 31 हजार की राशि खर्च होगी।
शहीद स्मारक उन वीर जवानों की याद दिलाएगा, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। इसमें भारत-चीन युद्ध 1962, भारत-पाकिस्तान युद्ध 1965-1971, कारगिल युद्ध 1999 के शहीदों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कारगिल, ऑपरेशन ब्लू स्टार, ऑपरेशन रक्षक आदि के दौरान शहीद हुए सभी जवानों के नाम भी शिलापट्ट पर लिखे गए हैं। इन शहीद स्मारकों पर जाकर युवा शहीदों के बारे में जानकारी लें सकेंगे। इससे युवा पीढ़ी को भी स्वतंत्रता सेनानियों की बहादुरी के संबंध में जानकारी मिल सकेगी।
इन स्मारकों पर विभिन्न युद्धों में शहीद हुए शहीदों के नाम, रैंक, रेजिमेंट और गांव का नाम लिखा गया है। जिससे यह पता लग सकेगा कि स्मारक किस सैनिक की याद में बनाया गया। शहीद स्मारक के पास छोटा सा पार्क भी बनाया गया है। यहां बैठने के लिए बैंच भी रखे गए हैं। शहीद स्मारकों को 15 अगस्त, 26 जनवरी सहित अन्य मुख्य दिनों पर विशेष रूप से सजाया जाएगा। गांव जांडली खुर्द और बिढ़ाई खेड़ा का शहीद स्मारक बनकर तैयार हो गया है। वहीं, गांव पीली मंदोरी और ढाणी भोजराज में अभी काम जारी है।
इन गांव में शहीद स्मारक पर इतनी राशि खर्च हुई
गांव - राशि
पीलीमंदोरी - 18.10 लाख रुपये
ढाणी भोजराज - 18.66 लाख रुपये
जांडली खुर्द - 18.66 लाख रुपये
बिढ़ाई खेड़ा - 14.89 लाख रुपये
-
:: गांव के शहीद जगदीश कड़वासरा, विकास राहड़ और मनोज दहिया की याद में शहीद स्मारक का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इसका काम करीब 80 फीसदी तक पूरा कर हो चुका है। शहीद स्मारक गांव के खेल मैदान में बनवाया गया है, जिससे युवाओं को शहीदों के बलिदान का पता लग सकेगा।
धर्मवीर गोरछिया, सरपंच, गांव पीलीमंदोरी
:: जिले में शहीदों की याद में शहीद स्मारक का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। इससे युवाओं में देशभक्ति की भावना पैदा होगी और शहीदों को सम्मान मिल सकेगा। गांव जांडली खुर्द और बिढ़ाई खेड़ा का शहीद बनकर तैयार हो गया है। गांव पीलीमंदोरी और ढाणी भोजराज में काम अभी जारी है।
-एडवोकेट सुमन खीचड़, चेयरपर्सन, जिला परिषद, फतेहाबाद।