पुराना बाजार के वार्ड नंबर-14 कपूर गली की एक युवती ने सरेआम भरी पंचायत में थाना परिसर में ही मांग भरकर विवाह रचाने का प्रयास किया।
मगर एसएचओ एवं कंस्टेबल की तत्परता के चलते युवती के अरमान अधूरे रह गए। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की पूछताछ शुरू कर दी है। लेकिन पंचायत ने युवती को समझा बुझाकर घर भेज दिया।
ये है मामला
पुराना बाजार के वार्ड नंबर-14 की कपूर गली की एक युवती के पति की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। युवती अपने दो बच्चों के साथ घर पर रह रही है। वार्डवासियों का आरोप है कि युवती के चाल-चलन ठीक नहीं है। वार्ड का कोई भी व्यक्ति जब उक्त युवती के विरुद्ध आवाज उठाता है तो युवती उसे पुलिस में झूठी शिकायत देकर फंसाने की धमकियां देती थी। लोगों की मानें तो युवती के घर अज्ञात असामाजिक लोगों का आना-जाना रहता है, जिसके खिलाफ थाने में शिकायत दी गई।
शनिवार को युवती को थाने में मामले से संबंधित पूछताछ के लिए बुलवाया गया था। पंचायत ने जिला पार्षद बलविंद्र सिंह कैरों, कष्ट निवारण समिति सदस्य सुरेश कंबोज, बिहारी लाल, सरदार महेंद्र सिंह भी मामले को लेकर युवती को वार्ड में शांति बनाए रखने व असामाजिक तत्वों से दूर रहने के लिए सुझाव दे रहे थे कि युवती ने भरी पंचायत व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हाथ में पकड़ी सिंदूर की डब्बी निकालकर एक युवक के हाथ में थमा दी और दोनों मांग भरने की रस्म निभाने लग गए। थाने में पंचायत के बीच महिला की हरकतों को देखकर एसएचओ व पुलिस कर्मचारी दंग रहे गए। मगर विवाह की रस्म पूरा होने के पहले ही पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या कहते हैं एसएचओ
थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि युवती ने थाना परिसर में सिंदूर की डिब्बी लेकर युवक से मांग भरवाने की पंचायत में कोशिश की थी, लेकिन युवती की इस हरकत के कारण पुलिस कर्मी अलर्ट हो गए थे। मगर मामला पंचायती रूप से निपटाया गया है।