एटम ऑन व्हील्स वैन में लगी प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान उपस्थित आर्यभट्टू नर्सिंग कॉलेज के विद
रतिया। बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में चाकू की नोक पर हजारों रुपये के कपड़े लूट लिए। साथ ही दुकानदार को धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद दुकानदारों ने इसकी शिकायत रतिया पुलिस को दी। शिकायत के बाद रतिया शहर पुलिस के कर्मचारियों ने दुकान पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
मेन बाजार में ऑलिव फैशन हाउस के संचालक एवं वार्ड नंबर 10 स्थित अग्रवाल कालोनी के निवासी विकास सिंगला ने बताया कि सोमवार रात्रि को वह दुकान बंद करने की तैयारी में लगे हुए थे कि बाइक पर मुंह ढके हुए दो युवक आए और चाकू के बल पर उससे गल्ले की चाबी मांगी। उसने डर कर दोनों युवकों को गल्ले की चाबी दे दी। मगर चाबी नहीं लगने के कारण युवकों से गल्ला नहीं खुल पाया। इसके बाद दोनों युवक दुकान में पड़े हुए महंगे कपड़े और बूट उठाकर उसे धमकी देते हुए फरार हो गए। दुकानदार ने बताया कि उसने इसकी सूचना तुरंत अपने भाई व पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर खोजबीन शुरू की।
कुछ दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी मेन बाजार में एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान पर इस तरह लूटपाट की घटना हुई थी। उस दौरान दो युवक 20,000 की नकदी व 5000 के कपड़े लूट कर फरार हो गए थे। मगर पुलिस अभी तक लूटपाट करने वाले युवकों का सुराग नहीं लगा पाई थी। अब एक और घटना हो गई है।
सूचना पाकर टीम मौके पर पहुंची थी। दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा इस मामले में दो टीमों का गठन कर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। जल्दी ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
-जयसिंह शर्मा, प्रभारी, रतिया शहर थाना