फतेहाबाद। जिले की अनाज मंडियों में धान की फसल की धीमी उठान होने से मंडी अटी हुई हैं। जिससे मंडी के बाहर भी धान की ढे़रियां लगनी शुरू हो गई हैं। ऐसे में किसानों को मंडी के बाहर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलिया लिए खड़े रहना पड़ रहा है। इससे रोड पर जाम लग रहा है और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
वहीं व्यापारियों का कहना है कि मंडी में इन दिनों 17 प्रतिशत नमी से अधिक नमी का धान पहुंच रहा है। जिसके कारण अधिक कुछ किसानों की फसल की खरीद नहीं हो पा रही है। वहीं मंडी में धान की आवक में तेजी होने के चलते आढ़तियों के धान की फसल को बिना तौले बैगों में भरा जा रहा है ताकि कम समय में मंडी से धान की फसल का उठान हो सके।
जिले में अब तक 20,045 किसानों की 3,03,862 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा 2,812 किसानों की 67,605 मीट्रिक टन, हैफेड के द्वारा 7,932 किसानों की 16,139 मीट्रिक टन तथा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के द्वारा 8,301 किसानों की 1,30,118 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है।
वहीं अब तक 1,98,235 मीट्रिक टन धान फसल का उठान किया गया है। इसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग के द्वारा 48,310 मीट्रिक टन, हैफेड के द्वारा 64,539 मीट्रिक टन तथा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के द्वारा 85,386 मीट्रिक टन धान फसल का उठान किया गया है और 1,05,627 मीट्रिक टन धान की फसल का उठान बाकी है। अभी तक किसानों को 440.13 करोड़ की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
:: मंडी में धान की फसल का खरीद और उठान का काम जोरो पर है। खरीद के साथ-साथ धान की फसल का उठान भी हो रहा है। ऐसे में किसानों से अपील है कि किसान अपनी धान की फसल का पुरी तरह से सुखाकर ही मंडी में लेकर आए ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो।
-यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव, फतेहाबाद।