फतेहाबाद। कोरोना महामारी के दौरान जिले के सरकारी स्कूलों में दाखिले 20 हजार से ज्यादा बढ़े थे। लेकिन इसके बाद घटने सिलसिला जारी हुआ और पिछले सत्र में करीब 21 हजार विद्यार्थी कम हो गए। वर्ष 2024-25 के सत्र में शिक्षा विभाग ने जिले के सरकारी स्कूलों को उसी लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए है। जिले को 18 फीसदी विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में बढ़ाने होंगे। वर्ष 2024-25 में 1,21,784 विद्यार्थियों के दाखिले करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसको लेकर जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने वीरवार को खंड रतिया, फतेहाबाद और भट्टूकलां के हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुखियाओं की बैठक ली। इस बैठक में स्कूल मुखियाओं को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। डीईओ ने कहा कि प्रत्येक स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़नी चाहिए। अगर विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी तो स्कूल को विभाग सम्मानित करेगा। इसके अलावा अगर विद्यार्थियों की संख्या कम होती है तो नियम अनुसार कार्रवाई भी होगी। क्षेत्र में सर्वे करके योजनाओं के बारे में जानकारी दें। डीईओ ने कहा कि स्कूलों में सैनेटरी नैपकिन का रखरखाव रखें। स्कूल की सभी लैब एक्टिव होनी चाहिए। जिले के सभी स्कूलों को तंबाकू मुक्त बनाएं। आसपास भी नहीं बिकना चाहिए। हर्बल गार्डन के लिए स्कूल आवेदन करें ताकि विभाग की तरफ से बजट मिल सकें।
जिले के सरकारी स्कूलों में ये रही है दाखिले की स्थिति
वर्ष 2023-24 में दाखिले : 1,00,406
वर्ष 2022-23 के मुकाबले कम हुए दाखिले : 21,378
वर्ष 2024-25 में दाखिले का लिया गया लक्ष्य : 1,21,784
स्कूल मुखियाओं को रिकॉर्ड ऑनलाइन करने के दिए निर्देश
बैठक में जिला गणित विशेषज्ञ रमेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश मेहता भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि ई अधिगम पर स्कूल मुखिया जोर दें और टैब का पूरा रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज रखें। विद्यार्थियों को एनएमएमएस, बुनियाद और सुपर 100 योजना के बारे में जरूर बताएं। स्कूल का पूरा रिकॉर्ड दुरुस्त रखें।
कोट
शिक्षा विभाग निदेशालय की तरफ से लक्ष्य दिया गया है उसे जरूर पूरा किया जाएगा। शिक्षकों को कहा गया है कि दो से पांच नए दाखिले जरूर करें। दाखिले को लेकर जिसकी मदद चाहिए वह दी जाएगी। उम्मीद है लक्ष्य को जरूर पूरा करेंगे।
-संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी