फतेहाबाद। शहर के सिरसा रोड स्थित नई अनाजमंडी में वीरवार दोपहर को लेबर ठेकेदार और आढ़ती के बीच विवाद हो गया। ठेकेदार ने दुकान नंबर 63 ए हजारी लाल राजेश कुमार के आढ़ती हजारी लाल नरूला के सिर में पिस्तौल की बट मारकर घायल कर दिया। घायल को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना की सूचना के बाद व्यापार मंडल प्रधान सुभाष मुंजाल, नप प्रधान दर्शन नागपाल समेत व्यापारी नागरिक अस्पताल में पहुंचे और आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुख्य गेट बंद करके बोली बंद करवा दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। व्यापार प्रधान सुभाष मुंजाल, टेकचंद्र मिढ़ा, दर्शन नागपाल, दीपक तायल, टीटू तनेजा, मंगत मितल आदि ने कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा तब तक बोली बंद रहेगी। पहले भी लेबर ठेकेदार और आढ़ती के बीच विवाद हो चुके हैं। मामले में शहर पुलिस ने देर शाम को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन 63 वर्षीय आढ़ती हजारी लाल ने बताया कि उसकी दुकान पर शक्ति नगर निवासी लेबर ठेकेदार राजेश तैनात है। ठेकेदार की ही लेबर दुकान पर काम करती है। बुधवार रात को वह दुकान पर कहकर गया कि उसके पास लेबर की कमी है और वह काम नहीं करेगा। इसके बाद सुबह उसने फोन पर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और गोली मारने की धमकी दी। जब वह नई अनाजमंडी में 1121 की बोली करवा रहा था और आखिरी ढेरी की बोली शेष थी तो आरोपी राजेश नई अनाजमंडी में आ गया और फिर शराब के नशे में गाली-गलौज शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने जेब से पिस्तौलनुमा चीज निकालकर उसकी बट सिर में मार दी। आरोपी मौके पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया।
पुरानी अनामजंडी में भी बंद हुई बोली
घटना की सूचना के बाद नई अनाजमंडी के साथ-साथ व्यापारियों ने पुरानी अनाजमंडी में भी बोली बंद करवा दी। बृहस्पतिवार को धान की बोली नहीं हुई और मंडी में धान के ढेर लगे रहे।
देर शाम को व्यापारियों ने की मीटिंग
आढ़ती पर हमला के रोषरूवरूप देर शाम को व्यापारियों ने प्रधान सुभाष मुंजाल की मौजूदगी में हनुमान मंदिर में मीटिंग की। मीटिंग में फैसला लिया गया कि जिस आरोपी ठेकेदार राजेश ने हमला किया है उसे कोई भी व्यापारी काम पर नहीं रखेगा, इसके परिवार के भी किसी सदस्य को भी नहीं रखा जाएगा। कोई ठेकेदार अगर पहले को छोड़कर दूसरे आढ़ती के पास काम के लिए जाता है तो पुराने आढ़ती से क्लीन चिट लेनी होगी।
वर्जन
मामले की शिकायत आने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
- यादविंद्र सिंह, शहर थाना प्रभारी, फतेहाबाद