ढाबी खुर्द गांव में बैठक में भाग लेते किसान सभा के पदाधिकारीस्त्रोत स्वयं
फतेहाबाद। अखिल भारतीय किसान सभा क्षेत्र के गांवों में सदस्यता अभियान चलाने के साथ-साथ ग्रामीण इकाइयों का गठन करेगी। रविवार को गांव ढाबी खुर्द में अखिल भारतीय किसान सभा ग्राम कमेटी की मीटिंग किसान रामस्वरूप सिद्धू की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में पहुंचे जिला प्रधान विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि किसानों की स्वास्थ्य संबंधित परेशानियों को देखते हुए किसान सभा और खेत मजदूर यूनियन संयुक्त रूप से 18 मार्च को भट्टूकलां में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर धरना देगी। इस बैठक में रामस्वरूप सिद्धू को गांव की कमेटी का प्रधान और रमेश कुमार को सचिव चुना गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भट्टूकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी समय से डॉक्टरों की कमी है, हड्डी रोग विशेषज्ञ और आंख-नाक-कान रंग का विशेषज्ञ भी नहीं है। वहीं एक्स-रे मशीन न होने के कारण यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसको लेकर क्षेत्रवासी कई बार शासन-प्रशासन के सामने मांग उठा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि इस इलाके में कैंसर व हृदय रोगियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। किसान सभा प्रशासन से मांग करती है कि भट्टू के सरकारी अस्पताल में खाली पड़े डॉक्टरों के पदों को तुरंत भरा जाए व एक्स-रे सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि अगर 18 मार्च को धरने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान सभा आंदोलन को तेज करेगी।