फतेहाबाद। शिवरात्रि को लेकर शहर के शिवालयों में तैयारी तेज हो गई है। बुधवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि भक्तों को कोई असुविधा न हो। शिवरात्रि के लिए भक्तों में खूब उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं। शिवरात्रि के दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालु भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा व फल चढ़ाएंगे।
प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर में कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था बनाई
रतिया चुंगी पर स्थित प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर में शिवरात्रि पर मंदिर समिति के अनुसार इस वर्ष 200 से अधिक कांवड़ चढ़ने की उम्मीद है। इसके लिए मंदिर प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था करनी शुरू कर दी है। दूर-दराज से आने वाले कांवड़ियों के ठहरने और जलपान की व्यवस्था की जा रही है। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। इससे यहां का वातावरण और भी भक्तिमय हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया जा रहा है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और शांतिपूर्ण माहौल में जलाभिषेक संपन्न हो ।
शहर के अन्य मंदिरों में भी तैयारी जोरों पर
शहर के रतिया चुंगी स्थित महाकालेश्वर मंदिर के अलावा शहर के दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, देवी मंदिर, शिव नगर में स्थित शिव मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर सहित आदि मंदिरों में मंदिर समिति के सदस्यों की ओर से तैयारी की जा रही है। समितियों की ओर से साफ-सफाई, रोशनी और ध्वनि व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का दौर शुरू हो जाएगा जो देर शाम तक चलेगा। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन और भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
-
पुलिस प्रशासन अलर्ट
शिवरात्रि के पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। शहर के प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि भक्तों को मंदिरों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।