अमेरिका के इंडियाना राज्य के साउथ बैंड में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में रामभतेरी गिल को सम्मानि
- फोटो : Fatehabad
समैन। हरियाणा सरकार से नौकरी न मिलने से निराश देश छोड़कर अमेरिका पहुंची कबड्डी की स्टार अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रामभतेरी गिल अब अमेरिका में अपने शानदार खेल के दम पर धमाल मचा रही है। 25 जून को अमेरिका के इंडियाना राज्य के साउथ बैंड शहर में आयोजित एक बड़े कबड्डी टूर्नामेंट में रामभतेरी गिल ने अमेरिका की महिला कबड्डी टीम की तरफ से खेलते हुए मैक्सिको की टीम को दो अंकों से हराया। महिला कबड्डी टीम के इस मैच में रामभतेरी ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई। रामभतेरी गिल को टूर्नामेंट में नकद इनाम राशि देकर सम्मानित किया गया।
बता दें कि मूल रूप से फतेहाबाद के गांव समैन की रहने वाली कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी रामभतेरी को सरकारी नौकरी नहीं मिली। जिस पर वह मई महीने में अमेरिका चली गई थी। रामभतेरी ने कहा वह देश व प्रदेश में नेताओं के चक्कर काट-काटकर थक चुकी थी। उन्हें कोई सरकारी नौकरी नहीं मिली। उन्होंने हार नहीं मानी है व अब यहां अमेरिका में भी अपने खेल को जारी रखे हुए है। कबड्डी के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दलबीर चौधरी ने बताया कि रामभतेरी अब यहां के विभिन्न खेल क्लबों से जुड़ चुकी है व यहां की कबड्डी टीम का हिस्सा बन चुकी हैं।
खेल क्लबों से जुड़कर कर रही कबड्डी का अभ्यास
पूर्व खिलाड़ी दलबीर चौधरी ने बताया कि रामभतेरी ने अमेरिका के विभिन्न खेल क्लबों से जुड़कर कबड्डी खेल का अभ्यास शुरू कर दिया है। इससे पहले रामभतेरी फ्रिजनों शहर में आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट में मैच रेफरी की भूमिका भी निभा चुकी है। रामभतेरी एक बहुत ही होनहार खिलाड़ी है। वह जल्द ही अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खेलती नजर आएंगी।
खिलाड़ियों को सिखाएगी कबड्डी के गुर
रामभतेरी कबड्डी खेलने के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों को कबड्डी के गुर सीखाती हुई भी नजर आएंगी। फिलहाल रामभतेरी स्वयं कबड्डी का अभ्यास कर रही हैं। दलबीर चौधरी के बताया कि रामभतेरी कबड्डी खेल में अमेरिका में अपना कैरियर तलाश कर रही है।