भूना। गांव बैजलपुर की सीनियर हॉकी खिलाड़ी ज्योति बिढ़ासरा का हरियाणा की महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। ज्योति फिलहाल गोवा के मडगांव में चल रहे 37वें राष्ट्रीय खेलों के लिए टीम के साथ अभ्यास कर रही है। इस पर जिला खेल अधिकारी राजबाला, महिला हॉकी कोच जितेंद्र ढिल्लों व बैजलपुर के हॉकी कोच रणसिंह ओला व सरपंच हेमंत बैजलपुरिया ने ज्योति को बधाई दी है।
कोच रणसिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को गोवा के मडगांव में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया था। 9 नवंबर तक चलने वाले इस खेल मेले में विभिन्न प्रतियोगिता में 28 स्थलों पर 43 खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। गौरतलब है कि ज्योति बिढ़ासरा ने 36वें राष्ट्रीय खेलों में भी हरियाणा की तरफ से खेलते हुए सीनियर नेशनल व नेशनल खेल में गोल्ड मेडल जीता था। बैजलपुर हॉकी सेंटर की दो खिलाड़ी ज्योति बिढ़ासरा व सुमिता नैन नेशनल कैंप में अभ्यासरत थीं। मगर राष्ट्रीय खेलों में ज्योति का ही चयन हुआ है। ज्योति फॉरवर्ड खेलेंगी।
गांव में 200 से अधिक खिलाड़ी कर रहे अभ्यास
गांव बैजलपुर के सरपंच हेमंत बैजलपुरिया ने बताया कि ज्योति की उपलब्धि ने गांव की बेटियों और बेटों को प्रेरणा देने का काम किया है। गांव में 200 से अधिक लड़के व लड़कियां हॉकी खेल में नियमित रूप से सुबह-शाम अभ्यास करते हैं। उन्हें उम्मीद है कि इन खिलाड़ियों में से भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार होंगे।