पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक परमवीर सिंह।
टोहाना। पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली के कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह को बोझ बताने वाले बयान ने राजनीतिक बहस को और गर्मा दिया है। इस पर पलटवार करते हुए परमवीर सिंह ने कहा कि बबली को गलत बोलने की आदत पड़ गई है और वे लगातार तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं।
परमवीर सिंह ने कहा कि बबली के मंत्री रहते हरियाणा में जो जोहड़ और कम्युनिटी सेंटर बनाए गए, वे पशुओं या समुदाय के हित के लिए नहीं बल्कि ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए बनवाए गए। गांवों में जाकर लोग खुद देख सकते हैं कि इन परियोजनाओं से ठेकेदारों को फायदा हुआ, न कि जनता को।
विधायक ने कहा कि बबली ने यह भी कहा था कि वे टोहाना के लिए बोझ हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वे लगातार टोहाना के हर मुद्दे को विधानसभा में उठा रहे हैं। उन्होंने टोहाना को जिला बनाए जाने की मांग का ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बबली पंचायत मंत्री रहते पंचायतों के काम ठेकेदारों से करवाने का निर्णय लेते थे, जिससे पंचायतों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए विकास कार्य सीधे पंचायतों के माध्यम से करवाने की आवश्यकता बताई। परमवीर सिंह ने कहा कि वे टोहाना और उसके लोगों के हित में काम कर रहे हैं और किसी भी आरोप से अपने प्रयासों को पीछे नहीं हटने देंगे। वे जनता के हित में हर उस फैसले का समर्थन करेंगे जिसका लाभ क्षेत्र की जनता के साथ प्रदेश को भी मिले।